- तेजी से खरीदारी होने से व्यापारियों के खिल उठे चेहरे
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोरोना काल में हुए लॉकडाउन से बाजार में छाई मायूसी अब दूर होती दिखाई दे रही है। बुधवार को पड़ने वाला करवा चौथ कारोबारियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। गहनों, कपड़ों से लेकर चूड़ी के बाजारों में खासी रौनक देखने को मिल रही है। लंबे वक्त बाद बाजार में लौटी रौनक से दुकानदारों के चेहरों पर खुशियों की झलक दिखाई दे रही है। नवरात्र के शुरू हुए त्योहारों के सीजन के बाद से बाजारों में रौनक लौट आई है।
शहर के बाजारों में इन दिनों करवाचौथ की रौनक छाई हुई है। दुकानों पर खरीदारी करने को उमड़ी भीड़ से एक बार फिर बाजार खिलखिला रहे हैं। दुकानों पर रंग-बिरंगी चूड़ियां सज गई हैं। चूड़ी और साड़ी की दुकानों पर महिलाओं की काफी भीड़ देखने को मिल रही है।
करवाचौथ के दिन सुहागिने निर्जला व्रत के साथ चांद का दीदार कर पति की दीघार्यु की कामना करती है। व्रत की तैयारियों को लेकर बाजार पूरी तरह गुलजार है। धीरे-धीरे पर्व को नजदीक आता देख महिलाओं की भी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। सराफा बाजार और ब्यूटी पार्लर पर महिलाओं की खासी भीड़ दिख रही है।

महिलाओं की पसंद और चलन को देखते हुए स्वर्णकारों ने भी फैशन को इस बार खासा वरीयता दिया है। बाजार में नई डिजाइन की पायल, बिछुए व मंगलसूत्र महिलाओं की खासी पसंद बने हुए हैं। सोमवार को शहर के बाजारों में महिलाएं हाथों में मेहंदी लगवाने, ब्यूटीपार्लरों पर मैकअप कराने के लिए पहुंची, जहां पर बड़ी भीड़ देखने को मिली।

