जनवाणी संवाददाता |
किठौर: बीती रात दुकान पर दूध बेचकर लौट रहे दो किशोर साथी ट्रक की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गए। जिनमें से एक ने उपचार को ले जाते समय दम तोड़ दिया जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
किठौर निवासी अनीस का बेटा अनस मंगलवार रात करीब 11:30 बजे अपने दोस्त इसहाक पुत्र जफरयाब के साथ गढ़ रोड स्थित किसी दुकान पर दूध बेचने जा रहा था।
इंडियन गैस एजेंसी के पास पहुंचते ही मेरठ की ओर से आ रहे अज्ञात ट्रक ने दोनों साथियों को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों किशोर गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक चालक ट्रक सहित फरार हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोग पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल ले गए। इनमें से अनस ने रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि इसहाक की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, भयानक हादसे की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं पुलिस ने मृतक को मोर्चरी भेज दिया। खबर लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नही हुई थी।

