- सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ पर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली रैली
जनवाणी संवाददाता |
शामली: मंगलवार को सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस लाइन से 85 बटालियन एनसीसी कैडेट्स ने एक जागरुकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ एसपी अभिषेक और एआरटीओ रोहित राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में एनसीसी कैडेट के साथ ही पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के माजरा रोड, भिक्की मोड, धीमानपुरा, शिव चौक, वीवी इंटर कॉलेज रोड और फव्वारा चौक तक होते हुए संपन्न हुई। रैली में शामिल एनसीसी कैडेट्स हाथों में विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरुक कर रहे थे। इसके बाद कैडेट्स ने शहर के विभिन्न चौराहों पर यातायात की कमान संभाली और लोगों को ट्रैफिक नियमों के अनुसार ही चलने का आहवान किया।
वहीं कैडेटों ने जागरुकता अभियान की कडी में बिना हेलमैट बाइक चलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर जागरुक किया। ट्रेफिक प्रभारी संजय राणा ने लोगों से यातायात के नियमों का पालन करने का आहवान किया। उन्होंने बताया कि पूरे माह सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अलग-अलग कार्यक्रमों के तहत लोगों को जागरुक किया जाएगा।

