- सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, मायके वालों ने ससुरालियों के खिलाफ दी तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/सरधना: क्षेत्र के मुल्हैड़ा गांव में दहेज लोभी ससुराल वालों ने एक विवाहिता की पहले बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि इसके बाद उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकरी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पक्ष ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में सुसरालियों के खिलाफ तहरीर दी है।
मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी थाना मुजाहिदपुर निवासी कृष्णपाल पुत्र शीशपाल ने पुत्री गुड़िया की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व मुल्हैड़ा निवासी अरुण के साथ की थी। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के रूप में दो लाख रुपये और कार की मांग को लेकर उसकी उत्पीड़न कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर बीते शनिवार की शाम को आरोपियों ने विवाहिता की जमकर पिटाई की।
इसके बाद उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। मायके वालों को इसकी सूचना मिलती तो वह भी पहुंच गए। रविवार को मायके वालों ने पुलिस को दहेज हत्या की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवाहिता के पिता ने ससुरालियों के खिलाफ कोतवाली में दहेज हत्या की तहरीर दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बिजेश कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बच्चा न होने पर युवक ने फांसी लगाकर जान दी
टीपी नगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा में शादी के दो साल तक बच्चा न होने से डिप्रेशन में चल रहे युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि शक्ति पुत्र सुभाष चंद्र निवासी मुजफ्फरनगर का रहने वाला था। शक्ति ने दो साल पहले शेखपुरा निवासी पूजा से प्रेम विवाह किया था।
शक्ति पूजा के साथ शेखपुरा में ही रह रहा था। पूजा एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है और शक्ति स्पेर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक फैक्ट्री में काम करता था। पूजा ने बताया कि काफी दिनों से शक्ति परेशान चल रहा था और बार-बार कहता था कि हे भगवान एक बच्चा हमें भी दे दे।
रविवार की शाम शक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी पूजा ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शक्ति के परिवार वालों ने पूजा और उसके परिवार के खिलाफ थाने में तहरीर दी है कि फांसी लगने के दो घंटे बाद भी उन लोगों को सूचना नहीं दी। मृतक के बड़े भाई सुभाष ने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है।

