जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: शनिवार सुबह कस्बा हर्रा में एक मारुति वैन में सिलेंडर से गैस भरते समय आग लग गई। गैस लीक होने के बाद लगी आग से मारुति वैन आग का गोला बनकर जलकर खाक हो गई।वहीं दूसरी ओर बीच आबादी में इस हादसे को लेकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मकान से बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक कस्बा हर्रा में बड़ी मस्जिद के पास शनिवार की सुबह कस्बे का ही एक युवक अपनी मारुति वैन में लगी गैस किट में अवैध तरीके से सिलेंडर से गैस रिफिलिंग कर रहा था। बताया गया है कि रास्ते में खड़ी कर की जा रही अवैध रिफिलिंग के दौरान मारुति वैन में लीकेज के चलते अचानक आग पकड़ ली।
इसके बाद देखते ही देखते पल भर में मारुति वैन धू-धू कर जलने लगी। हालांकि इस दौरान कार चालक ने आग पर मिट्टी व पानी आदि डालकर काबू करने का प्रयास किया। लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची लपटों के साथ धुंए का गुब्बार फैल गया।
वहीं दूसरी ओर सिलेंडर फटने की डर से लोग घरों से बाहर निकल कर दूर खड़े हो गए। जबकि आस पड़ोस के दुकानदार भी सिलेंडर फटने की डर से भाग खड़े हुए। हालांकि गनीमत यह रही कि गैस किट लगी गाड़ी में आग लगने के बाद टंकी नहीं फटी वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं कस्बे के लोगों ने एतराज जताया कि कस्बे में कुछ लोग अवैध रूप से गैस किट लगवा कर रास्ते पर खड़ी करके ही बीच आबादी में गैस रिफलिंग करते हैं। जिससे आए दिन हादसा होने की आशंका बनी रहती है। कस्बे के लोगों ने इस अवैध गैस रिफलिंग पर रोक लगाने की मांग उठाई है।

