जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रविवार सुबह दिल्ली के अंधेरिया मोड़ इलाके में स्थित नेचर बाजार में भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते लगभग 40 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग से व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है।
दमकल विभाग को सुबह 7 बजकर 37 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद 10 दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग की तीव्रता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने युद्धस्तर पर प्रयास शुरू किए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि किसी की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आग से कई दुकानों का सारा सामान, नकदी और अन्य कीमती वस्तुएं जल गईं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों ने शॉर्ट सर्किट, किसी अन्य तकनीकी वजह या संभावित साजिश के पहलुओं को भी खंगालने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मिलकर मामले की गहनता से जांच कर रही हैं।

