- दुल्हन की तरह से सजाया गया भामाशाह पार्क वाला मार्ग, दीवारों पर कराई गई वॉल पेटिंग
- अतिथियों के आगमन के लिए तैयारियों को दिया अंतिम रूप
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: क्रांतिधरा पर होने जा रहे मेरठ महोत्सव का इंतजार अब खत्म हो गया है। कल इस महाउत्सव का शुभारंभ होगा। जिसमें नृत्य, गायन, कला से खूब रंग जमेगा। सुबह से लेकर शाम तक हर वर्ग और उम्र के लोग इस महोत्सव में मंनोरंजन करेंगे। इसको लेकर भामाशाह पार्क वाले मार्ग को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रात में जगमग लाइटों से यह मार्ग नहाया रहता है। दीवारों पर भी वॉल पेटिंग कराई गई है। अतिथियों के आगमन और उनके स्वागत के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
भामाशाह पार्क में कल मेरठ महोत्सव का आगाज होगा, जो पांच दिन तक चलेगा। इस महोत्सव में एक तरफ जहां अभिनेत्री हेमा मालिनी, कवि कुमार विश्वास, गायिका हर्षदीप कौर, नीति मोहन और शंकर महादेवन आकर महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे, वहीं स्थानीय शख्सियत भी आनंद में रंग भरेंगी। उधर, कवि सम्मेलन व मुशायरे को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित किया जा रहा है। उनके गीतों को कवयित्री कोमल रस्तोगी अपनी आवाज देगी। इसके अलावा 8 कालेजों की टीम टी-20 मैच खेलेंगी।
जिसमें उन्हें नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। तीन प्रदेश स्तरीय क्रिकेटर प्रत्येक टीम में शामिल किए जाएंगे। तीन हॉल में सेमिनार या कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। 12 कार्यशालाओं का प्रतिदिन आयोजन किया जाएगा। 50 स्टॉल मेड इन मेरठ के होंगे। 12 आॅटोमोबाइल कंपनियों के स्टॉल भी इस महोत्सव में नजर आएंगे। महोत्सव में 40 टेबल स्पांसरों के लिए आरक्षित किए गए है। पांचों प्रमुख हस्तियों के अलावा सुबह से शाम तक वर्कशॉप व विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें मंच के दाई तरफ वीआईपी गैलरी और बाईं तरफ मीडिया की गैलरी होगी।
उसी के साथ हस्तियों से प्रेस वार्ता के लिए अलग से कक्ष बनाया गया है। उसी के सामने वैनिटी वैन भी खड़ी होगी। इसे प्रीमियम, प्लेटिनम और गोल्ड में बांटा गया है। बिना पास वाले लोग बाहर खड़े होकर देख सकते है। आर्ट एरिना में स्कूलों के कार्यक्रम होंगे। विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां कराई जाएंगी। फूड कोर्ट मुख्य स्टेज एरिना और आर्ट एरिना के बीच में खाली स्थान पर बनाया गया है। खाने-पीने के लिए गोल टेबल भी रहेंगी।
प्रदर्शनी व उत्पादों के स्टॉल आसपास रहेंगे। महोत्सव में जिला प्रशासन ने पार्किंग का भी विशेष ध्यान रखा है। इसमें वीआईपी पार्किंग और आम पार्किंग अलग-अलग बनाई गई है। भामाशाह पार्क में ही एक मैदान में पूरी पार्किंग की सुविधा की गई है, ताकि किसी भी व्यक्तिको परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम से संबंधित ठेकेदार ही पार्किंग की व्यवस्था संभालेंगे।
सुबह से रात तक चिकित्सा सेवाएं देगा स्वास्थ्य विभाग
मेरठ महोत्सव में स्वास्थ्य विभाग की टीम सुबह से लेकर रात तक चिकित्सा सेवाएं देगी। यहां दो एम्बुलेंस हर समय टीम के साथ तैनात रहेंगी। इसके अलावा यूनाइटेड नेशन वूमन भारत की प्रतिनिधि डा. कांता सिंह, कालेवरी धकरी मिल्क की डा. संतोष, डायटीशियन एक्सपर्ट सुजाता दिलेकर आदि वक्ताओं द्वारा अपने उद्बोधन से महिलाओं को जागरूक किया जाएगा। मेरठ महोत्सव में स्वास्थ्य विभाग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है।
सीएमओ डा. अशोक कटारिया ने बताया कि महोत्सव में पूरे पांच दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें सुबह 10 बजे से लेकर रात दस बजे तक डाक्टरों व मेडिकल स्टाफ की टीम तैनात रहेगी। महोत्सव में आए किसी दर्शक की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत फर्स्ट एड दी जाएगी। वहां टीम के साथ दो एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। हालत नाजुक होने वाले मरीजों या घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल या मेडिकल कालेज भेजा जाएगा। महोत्सव में स्वास्थ्य विभाग की एक प्रदर्शनी लगाई जाएगी,
जिसमें चित्रों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के रोगों से लक्ष्य और बचाव आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी और सरकार द्वारा चलाई चलाई जा रही स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं से अवगत कराया जाएगा। 22 दिसंबर को नारी तू नारायणी कार्यक्रम में यूनाइटेड नेशन वूमन भारत की प्रतिनिधि डा. कांता सिंह, कालेवरी धकरी मिल्क बैंक की डा. संतोष, खानपान विशेषज्ञ सुजाता दिलेकर आदि महिलाओं को जागरूक करेंगी।

