जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में तीन मंजिला कांप्लेक्स के ध्वस्तीकरण रुकवाने के लिए मेरठ के व्यापारी मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लखनऊ पहुंचे। आज शाम चार बजे उनकी मुख्यमंत्री के साथ सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर मीटिंग होगी। उन्हें भरोसा है कि मुख्यमंत्री मेरठ के व्यापारियों के हित में फैसला करेंगे।
17 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने व्यापारी की टाइम एक्सटेंशन मांग वाली याचिका स्वीकार करते हुए आवास विकास को जवाब दाखिल करने के लिए 21 दिन का समय देते हुए तब तक कार्रवाई नहीं करने का आदेश दिया। इससे पहले 17 दिसंबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में सेंट्रल मार्केट स्थित तीन मंजिला कांप्लेक्स को ध्वस्त करने का आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने तीन महीने का समय दिया। चार मार्च को व्यापारियों ने परिसर खाली करने के लिए और समय दिया जाने जाने की मांग वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की। 29 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट ने व्यापारियों की समय सीमा बढ़ाने वाली याचिका को खारिज कर दिया। आवास विकास परिषद के इंजीनियर अफताब अहमद ने दो मई को सेंट्रल मार्केट में बनी 22 दुकानों को खाली करने का नोटिस चस्पा किया। छह मई को व्यापारियों ने रिव्यू पेंडेंसी सर्टिफिकेट मिलने के बाद कही। सात मई को रिव्यू पेंडेसी साटिफिकेट आवास विकास परिषद को सौंपा, लेकिन बात नहीं बन पाई।
सेंट्रल मार्केट पर संकट के बादल छाए हुए है। सोमवार को आवास विकास के अधिकरियों ने कांप्लेक्स की नपाई की। इसके साथ ध्वस्तीकरण की तैयारी शुरू करने कर दी है। वहीं, आवास विकास इंजीनियर का कहना है कोर्ट के आदेश पर जल्द ही इसे ध्वस्त किया जाएगा। सेंट्रल मार्केट के तीन मंजिला कांप्लेक्स को बचाने के लिए कई व्यापारी लखनऊ पहुंचे। मंगलवार शाम चार बजे उनकी मुख्यमंत्री योगीआदित्याथ से मीटिंग होगी। जिसमें मेरठ के व्यापारी सेंट्रल मार्केट के ध्वस्तीकरण का प्रकरण उनके सामने रखेंगे। उन्हें पूरा भरोसा है कि मुख्यमंत्री जल्द ही व्यापारियों के हित में कोई फैसला लेंगे।
सांसद से मिल चुके सेंट्रल मार्केट के व्यापारी
शास्त्री नगर जागृति विहार सेंट्रल मार्केट व्यापार बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल सांसद अरुण गोविल से मिल चुके है। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को अपने लेटर पेड पर एक लेटर लिखा कि सेंट्रल मार्केट आबूलेन के पश्चात सर्वाधिक प्रतिष्ठित मार्केट है। इसमें 22 दुकानें एक आवासीय क्षेत्र में बनी हुई हैं। सुप्रीम कोर्ट में वाद योजित करने के पश्चात भवन के साथ-साथ सेंट्रल मार्केट स्थित अन्य भवनों को भी ध्वस्तीकरण के सर्वोच्च न्यायालय ने आदेश दिए हैं। शास्त्रीनगर क्षेत्र के नागरिकों की आशा अंतिम रूप से आपके ऊपर केंद्रित हो गई है। जिससे सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की आजीविका उजड़ने से बच जाए।
अनिश्चितकालीन मेरठ बंद के लिए व्यापारियों ने की तैयारी
व्यापारी नेता विपुल सिंघल व गौरव शर्मा का कहना है कि सेंट्रल मार्केट को बचाने के लिए व्यापारी एकजुट हो चुके हैं। उनके साथ बेगम ब्रिज रोड व्यापार संघ, बेगमपुल व्यापार संघ, आबूलेन व्यापार संघ, शिव चौक छिपी टैंक व्यापार संघ, नवीन बाजार व्यापार संघ सहित कई व्यापार संघों ने अपनी बैठक कर सेंट्रल मार्केट की दुकानों को बचाने के लिए अनिश्चितकालीन बंदी के ऐलान के लिए अपना समर्थन दिया है।

