जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज बुधवार को भारतीय सेना ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमला कर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई हालिया आतंकी गतिविधियों के जवाब में की गई, जिसमें सेना ने उच्च तकनीक का इस्तेमाल कर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया।
देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई
इस सैन्य कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वहीं, विमानन क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिला है। स्पाइसजेट, इंडिगो और एअर इंडिया जैसी प्रमुख विमानन कंपनियों ने विभिन्न शहरों के लिए अपनी उड़ानें अगली सूचना तक स्थगित कर दी हैं।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान स्थिति की जानकारी लें। वहीं, एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
क्या कहा स्पाइसजेट ने?
स्पाइसजेट ने कहा कि धर्मशाला, लेह, जम्मू, श्रीनगर और अमृतसर सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में हवाई अड्डे अगली सूचना तक बंद रहेंगे। एयरलाइन ने कहा कि प्रस्थान, आगमन और परिणामी उड़ानें भी प्रभावित होंगी। एयरलाइंस ने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे अपनी यात्रा की योजना एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए बनाएं। साथ ही यात्रा करने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें।
इंडिगो एयरलाइंस ने भी जारी की एडवाइजरी
इसी बीच, इंडिगो एयरलाइंस ने भी देश के चुनिंदा शहरों से उड़ान भरने वाले अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़ और धर्मशाला से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित होंगी। इसके अलावा, मौजूदा हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण बीकानेर से आने-जाने वाली उड़ानें भी प्रभावित होंगी। एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें।
आंतकी के 9 ठिकानों पर किया हमला
बता दें कि 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमला किया था। आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हमले का बदला लेने के लिए बुधवार तड़के भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमला कर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया। सेना ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया है। भारत के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों की पुष्टि की।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी हुआ पोस्ट
रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हमारी कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली और गैर-बढ़ावा देने वाली प्रकृति की रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया गया है। यह कार्रवाई पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के जवाब में की गई है, जिमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक मारे गए थे।
इस बीच, भारत द्वारा सटीक हमले करने के कुछ ही घंटे बाद, पाकिस्तान ने जम्मू और कश्मीर के भीमबर गली इलाके में तोपखाने से गोलीबारी करके संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया। वहीं, भारतीय सेना ने भी संघर्ष विराम का मुंहतोड़ जवाब दिया। अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।
सूचना महानिदेशालय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा?
अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (ADG PI) ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र में भीमबर गली में तोपखाने से गोलीबारी करके फिर से संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।’

