जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: रामपुर मनिहारान क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे पुल के कारण यातायात अव्यवस्था दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। पुल का काम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिसकी धीमी रफ्तार ने आम जनता की परेशानी और बढ़ा दी है। इसी समस्या के समाधान को लेकर सोमवार को रामपुर मनिहारान के विधायक देवेंद्र निम (भाजपा) अपने क्षेत्रवासियों के साथ जिलाधिकारी मनीष बंसल से मिलने कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पहुँचे।विधायक ने जिलाधिकारी को बताया कि पुल निर्माण की सुस्त गति के कारण घंटों लंबा जाम लग जाता है।
स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। हाल ही में स्थल निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं इस अव्यवस्था को देखा था।देवेंद्र निम ने मांग की कि जिलाधिकारी हस्तक्षेप कर एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दें कि पुल का कार्य तेज़ी से और निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही जब तक कार्य पूरा नहीं होता, तब तक वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए ताकि यातायात सुचारु रह सके।जिलाधिकारी मनीष बंसल ने समस्या पर गंभीरता दिखाते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से बातचीत कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।स्थानीय नागरिकों ने विधायक की इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही ठोस कदम उठाकर क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का समाधान करेगा।

