- खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत नजीबाबाद में बने मिनी स्टेडियम
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: विधायक हाजी तसलीम अहमद ने विधानसभा बजट सत्र के दौरान नजीबाबाद में मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण की मांग को पुरे जोर तरीके से सदन में उठाया। विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक की मांग को स्वीकार करते हुए शासन को कार्रवाई करने लिए कहा है।
विधायक तसलीम अहमद ने विधानसभा अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के माध्यम से सदन से प्रदेश सरकार से मांग रखी कि उनके विधानसभा क्षेत्र नजीबाबाद में नगर आबादी एक लाख से अधिक है और यहां के युवा व खेल प्रेमी मिनी स्टेडियम नहीं होने से निराश है।
खेल प्रतिभाओं एवं खेल प्रेमियों द्वारा मिनी स्टेडियम संघर्ष समिति के संयोजक जफर जैदी के नेतृत्व में नजीबाबाद स्थित रामपुर बनवारी मे खाली पड़ी राजकीय इंटर कॉलेज की जमीन पर कई बार शासन प्रशासन से मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग की जा चुकी है परंतु अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं हो पाई है।
जिससे नगर क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं दम तोड़ रही है। विधायक हाजी तसलीम अहमद ने प्रदेश सरकार से खेलो इंडिया खेलो योजना के तहत नजीबाबाद में मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांग रखी। विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक की मांग को स्वीकार करते हुए शासन को कार्यवाही करने लिए कहा है।
इसके अलावा विधायक तसलीम अहमद ने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ताहरपुर इशहाक मे विद्युत विभाग द्वारा जबरदस्ती गांव की घनी आबादी के बीच बिछाई गई उच्च क्षमता की विद्युत लाइन को शीघ्र हटाने की मांग भी सदन में रखी।
मिनी स्टेडियम संघर्ष समिति के संयोजक जफर जैदी ने स्टेडियम की मांग को सदन में उठाये जाने पर विधायक तसलीम अहमद का आभार जताया है। बता दें कि नगर के तमाम खेल प्रेमी पिछले दो दशक से नजीबाबाद में मिनी स्टेडियम की मांग कर रहे हैं।

