- मेडिकल किट वितरित कर जांच कराने को करें प्रेरित
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने नगर पंचायत बनत में निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की गई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि समिति के सदस्य घर-घर जाकर सर्वे करें और लक्षण युक्त मरीजों की सूची तैयार कर उन्हें मेडिकल किट वितरित करें।
एडीएम ने अरविंद कुमार ने कहा कि लक्षण युक्त व्यक्तियों को जांच के लिए भी प्रेरित करें ताकि समय रहते उपचार किया जा सके। कोरोना संक्रमण एवं कोरोना वैक्सीन के प्रति लोगों को जागरूक करें। कोविड-19 से बचाव के संबंध में की जा रही कार्यवाही व निगरानी के विषय में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जनपद के बाहर से यदि कोई व्यक्ति बिना किसी सूचना के गांव व कस्बा में आता है तो ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में सूचना तत्काल प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को दी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन निकाय से बाहर आने जाने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी दी जाए। जिससे उनका स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए निकाय को कोरोना मुक्त रखा जाए। निगरानी समिति कोविड-19 से बचाव के उपाय अपनाने के संबंध में जागरूक और लोगों को अनावश्यक घरों से बाहर ना निकलने के लिए भी प्रेरित करें।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्र में साफ सफाई एवं सैनिटाइजेशन, फोगिंग पूर्ण रूप से कराया जाए। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से गली मोहल्लों में साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सचिन वर्मा, अधिशासी अधिकारी, सभासद व निगरानी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

