- नई मंडी पुलिस ने पांच आरोपियों से लाखों का माल किया बरामद
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: नई मंडी थाना पुलिस ने टयूबवैल से मोटर चोरी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों का सामान व भारी मात्रा में हथियार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह नलकूप से मोटर व अन्य कीमती सामान चोरी कर बेचने का काम करते हैं। थाना नई मंडी के प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि गत रात्रि थाना की टीम ने गश्त के दौरान पचैंडा पुलिया पर चैकिंग के लिए रोका तो वह पुलिस को देखकर हवाई फायर करते हुए भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए पांच युवकों को दबोच लिया। पुलिस ने पकडे गए आरोपियों की निशानदेही पर जनपद के विभिन्न थानों से चोरी किए गए टयूबवैल मोटर को बरामद करने के साथ उनसे भारी मात्रा में मोटर स्टार्टर बरामद किए।
पुलिस के शिकंजे में आए आरोपियों ने अपने नाम खालिद पुत्र अफरोज निवासी मिमलाना थाना कोतवाली नगर, मुस्तकीम पुत्र नसरुद्दीन व हसीन पुत्र मौहसिन निवासी नई बस्ती थाना जानसठ, समी पुत्र एजाज निवासी सरवट थाना सिविल लाइन व मन्साद पुत्र खलील निवासी खालापार थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर बताए।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल बिना नंबर, एक तंमचा मय दो जिन्दा कारतूस 315 बोर व दो चाकू, चार टयूबवैल मोटर की कॉयल, 25 किलोग्राम तांबे का तार, तीन किलोग्राम एल्यूमिनियम का तार, तीन फेज मोटर की केबिल-10 मीटर व सादा केबिल-70 मीटर, एक छोटी विद्युत मोटर केबिनेट मय तार व तीन फ्यूज,नौ कन्डेन्सर, 18 चाबी, 10 प्लास, 20 पेचकस, 13 पाने, एक हथोडी, एक सिन्डासी, पांच छेनी, एक पाइप रिन्च आदि बरामद किए हैं।

