- खैर नगर, वैली बाजार और कबाड़ी बाजार में अतिक्रमण, फिर बढ़ी यातायात की समस्या
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर निगम ने हाल ही में कुछ समय पहले खानापूर्ति करते हुए शहर के मुख्य बाजारों से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया था, लेकिन स्थिति सामान्य हो गई। इस कार्रवाई में खैर नगर, भगत सिंह मार्केट, हापुड़ अड्डा और जली कोठी जैसे बाजार शामिल थे। नगर निगम ने कार्रवाई तो जोरो से की थी, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य होती ही दिखाई दी और कार्रवाई का कोई फायदा नहीं हुआ।
वहीं, दिल्ली रोड पर रैपिड रेल का कार्य चलने के कारण शहर के कई रूट बदले गए। जिसके कारण लोगों ने इन बाजारों का सहारा लेते हुए शहर के अंदर से आने जाने लगे, लेकिन दुकानदारों द्वारा सड़क पर अतिक्रमण होने के कारण शहर के मुख्य बाजारों में जाम की स्थिति हर समय बनी रहने लगी।

सोने पर सुहागा यह हुआ कि ई रिक्शा भी इन्हीं रास्तों से आने जाने लगी। खैर नगर से हाल ही में अतिक्रमण हटाया गया था। जिसके बाद अगले ही दिन से दवाई की दुकानों ने अपना सामान चबूतरे पर रख लिया। जिसके कारण ग्राहक को सामान सड़क पर खड़े होकर खरीदना पड़ता है और वहां भी सड़क पर खड़े होने के कारण रास्ते को छोटा बनाते हैं और जाम लगने लगता है।
वहीं, दूसरी ओर बात करें तो कोटला चौराहे पर तो स्थिति यह है कि दुकानदारों द्वारा आधी सड़क अपने निजी वाहन खड़े करने में ही कब्जा ली गई। वहीं, दिल्ली रोड बंद होने के कारण गुजर रही ई-रिक्शा रोड को जाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। वह सड़क पहले से ही बहुत छोटी है। ऊपर से इस तरीके की हरकतें जाम को बढ़ावा देती है।

