- कार्डधारकों ने दुकानों पर किया हंगामा
- अभी तक सभी दुकानों पर नहीं पहुंचा खाद्यान्न, बड़ी दुकानों पर हुआ वितरण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: राशन वितरण के शुरू होते ही पहले दिन ई-पॉश मशीनों ने भी जवाब दे दिया। मशीनें न चल पाने के कारण कार्डधारकों के अंगूठे नहीं लगे और इसे लेकर उन्होंने हंगामा भी किया। उधर, सभी दुकानों पर राशन नहीं पहुंचने पर भी र्काधारकों ने नाराजगी जताई।
बता दें कि मुफ्त राशन वितरण योजना को शासन की ओर से मार्च माह तक बढ़ा दिया गया था। इसमें गेहूं और चावल के साथ-साथ कार्डधारकों को अब एक सोयाबीन आॅयल का पैकेट, एक किलो चना और एक आयोडीन नमक का पैकेट भी मुफ्त में दिया जा रहा है। यह योजना मार्च माह तक के लिये है और सभी गृहस्थी व पात्र कार्डधारकों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
पहले वितरण तीन दिसंबर से होना था, लेकिन गोदामों पर खाद्यान्न न पहुंच पाने के कारण रविवार से इसका वितरण शुरू हुआ। अब भी मात्र 270 दुकानों पर ही वितरण शुरू हो पाया अन्य दुकानों पर खाद्यान्न नहीं पहुंच पाया है। जिस कारण पहले ही दिन कुछ जगहों पर कार्डधारकों ने हंगामा भी किया। बाद में अधिकारियों ने कार्डधारकों को समझाया कि अभी सभी दुकानों पर उठान नहीं हो पाया है उठान होते ही वितरण किया जायेगा।
मशीनों का सर्वर हुआ ठप
पहले ही दिन ई-पॉश मशीनों का नेटवर्क ठप हो गया जिस कारण कार्डधारकों के अंगूठे नहीं लग पाये। कार्डधारकों के अंगूठे नहीं लग पाने के कारण उन्हें राशन नहीं मिला और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। यह मामला जागृति विहार स्थित एक दुकान पर हुआ। इससे पहले ही ई-पॉश मशीनों में यह कमी आती रही है।
मशीनों का संचालन लखनऊ मुख्यालय से होता है पूरे प्रदेश में एक साथ इनका संचालन होता है कनेक्टिविटी खराब होने के कारण इस तरह की समस्याएं आती हैं। उधर, छात्र नेता विनीत चपराना ने इन समस्याओं को लेकर जिलापूर्ति अधिकारी से मिलने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह आज जिलापूर्ति से मिलेंगे और इसकी सही व्यवस्था कराने की मांग करेंगे।

