- निगम के जोहड़ पर काट दी काॅलोनी
- निगम ने कराया कब्जा मुक्त, बाजार कीमत ढाई करोड़
जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: ग्राम मानकमऊ में निगम के जोहड़ पर ही कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर काॅलोनी काट दी। नगर निगम व राजस्व की टीम ने भूमि की पैमाइश कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। कब्जा मुक्त करायी गयी जमीन की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बतायी गयी है।
प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटवाने के अभियान के तहत नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर नगर निगम व तहसील के राजस्व अधिकारियों द्वारा ग्राम मानकमऊ में निगम की जमीन से अवैध कब्जा हटवाया गया।
निगम के नायब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में निगम के राजस्व अधिकारी जेसीबी लेकर ग्राम मानकमऊ पहुंचे तो काॅलोनाइजरों में खलबली मच गयी। ग्राम मानकमऊ के खसरा नंबर 653म की पैमाइश करने के बाद पाया गया कि निगम के जोहड़ की 0.553 हेक्टेयर जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर वहां काॅलोनी काट दी गयी है।
इस पर निगम अधिकारियों व राजस्व कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से अवैध कब्जे को हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। नायब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद के मुताबिक कब्जामुक्त करायी गयी जमीन का बाजार मूल्य करीब ढाई करोड़ रुपये है।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद के अलावा लेखपाल महेन्द्र पाल शर्मा, शिवकुमार सैनी, होय्याराम व तहसील के लेखपाल नीरज आदि शामिल रहे।

