जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: मंडलायुक्त लोकेश एम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मलिन बस्तियों, झुग्गी, झोपड़ियों तथा भट्ठों पर रहने वाले बच्चों को चिन्हित कर तत्काल उनका विद्यालयों और आगंनबाडी केन्द्रों पर नामांकन किया जाना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा अनावश्यक घूमते हुए न पाया जाए।
लोकेश एम ने आज 62 बच्चों का नामांकन कराने के बाद यहां यह जानकारी दी। मण्डलायुक्त के 25 अगस्त को शहर के औचक निरीक्षण के दौरान उन्हे कूडे के ढेर में बच्चे खेलते मिले थे। जिस पर उन्होंने कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित क्षेत्र का सर्वे कर सभी बच्चों को आंगनबाडी केन्द्रों तथा प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए थे।
मंडलायुक्त के आदेशों के अनुपालन में आज 6 वर्ष से ऊपर के 36 बच्चों को उच्च प्राथमिक विद्यालय खलासी लाइन में प्रवेश कराकर यूनिफार्म, जूते, मौजे, पाठ्य पुस्तक, स्कूल बैग आदि वितरित किए गए। उन्होंने 03 से 06 वर्ष तक के 26 बच्चों को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में प्रवेश दिलाया तथा बच्चों को केले, टाफी, बिस्किट, खाना आदि वितरित किये और बच्चों से जानकारी भी हासिल की।

