- भाजपा, सपा और बसपा के प्रत्याशियों ने लिये नामांकन पत्र
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिये होने वाले मतदान को लेकर कलक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन पत्रों को लेने का सिलसिला चल रहा है। चौथे दिन 30 लोगों ने नामांकन फार्म लिये। इनमें से कई लोगों ने दो से अधिक फार्म लिये है। आज भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों की तरफ से नामांकन फार्म लिये गए। चार दिन में एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है।

विधानसभा के मेरठ शहर सीट पर भाजपा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा समेत चार लोगों ने नामांकन फार्म लिये हैं। इनमें एक इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और मिहिर सेना के टिकट पर चुनाव लड़ने का मन बना रहा है। मेरठ दक्षिण विधानसभा से समाजवादी पार्टी के आदिल चौधरी के अलावा राष्ट्रीय जनहित पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, मिहिर सेना और नकी भारतीय एकता पार्टी के लिये नामांकन फार्म लिये गए। दक्षिण विधान सभा से आठ फार्म लिये गए।
किठौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी की तरफ से दो, भाजपा प्रत्याशी की तरफ से चार, लोकजन पार्टी की तरफ से एक और चार फार्म निर्दलीय लोगों ने लिये हैं। किठौर विधानसभा से आज 11 फार्म लिये गए। 14 जनवरी से लेकर अब तक इस विधानसभा के लिये 25 फार्म लिये जा चुके हैं। कैंट विधानसभा के लिये सात नामांकन फार्म लिये गए। इसमें किसी भी बड़े राजनीतिक दल की तरफ से नामांकन फार्म नहीं लिये गए हैं।
फिलहाल सात निर्दलीय लोग फार्म लेकर गए हैं। सिवालखास विधानसभा के लिये भाजपा प्रत्याशी, रालोद प्रत्याशी, आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम ने फार्म लिया। इसके अलावा कांग्रेस के लिये दो और चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने फार्म लिया। अब तक इस विधानसभा के लिये 13 नामांकन फार्म लिये जा चुके हैं। हस्तिनापुर विधानसभा के लिये कांग्रेस पार्टी की अर्चना गौतम और समाजवादी पार्टी के योगेश वर्मा, निर्दलीय के रूप में गोपाल काली, उसके बेटे अर्जुन काली समेत सात लोगों ने नामांकन फार्म लिये। सरधना विधानसभा से दो लोगो ने नामांकन फार्म लिये। इनमें एक फार्म आम आदमी पार्टी की तरफ से लिया गया।

