- गाइडलाइन फॉलो न करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: सऊदी सरकार ने हज 2024 शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक अब हाजी अरब पहुंचकर किसी भी प्रकार का व्यापार नहीं कर सकेंगे साथ ही हरम शरीफ में किसी भी प्रकार के झंडे, बैनर आदि लेकर जाने को प्रतिबंधित कर दिया गया है। हिदायत न मानने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
देवबंद हज काउंटर के संयोजक फहीम सिद्दीकी ने बताया कि सऊदी हुकूमत की ओर से हज २०२४ पर जाने वाले लोगों के लिए कुछ सख्त हिदायत और चेतावनी जारी की गई हैं। बताया कि सऊदी सरकार ने हज पर जाने वाले लोगों के लिए वहां जाकर किसी भी प्रकार का व्यापार करने को प्रतिबंधित कर दिया है। इसके अलावा हज के दौरान मक्का मदीना में हरम के अंदर या अन्य किसी मुकद्दस स्थान पर किसी भी प्रकार का झंडा, बैनर, पोस्टर ले जाने या नारेबाजी करने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। सऊदी सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि हज के दौरान कोई व्यक्ति ऐसा करते हुए पाया गया तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इतना ही नहीं उक्त व्यक्ति को भविष्य में फिर कभी सऊदी अरब में घुसने की इजाजत नहीं मिलेगी। गौरतलब होगा कि भारत समेत पड़ोसी देशों के कुछ लोग लोग हज यात्रा के दौरान विभिन्न प्रकार के सामान की खरीद व फरोख्त करते हैं ताकि वह कुछ पैसा कमा कर हज का खर्च निकाल सकें। इतना ही नहीं पिछले कुछ सालों से ऐसी वीडियो भी देखने को मिल रही है जिनमें हज यात्रा पर जाने वाले कुछ लोग पवित्र स्थलों पर पहुंचने के बाद झंडे, बैनर, पोस्टर आदि लहराते हुए नजऱ आते हैं। जिस हज के फर्ज अदा कर रहे अन्य लोगों को परेशानी होती है। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए सऊदी सरकार ने नई गाइड लाइन जारी की है।

