- भाकियू तोमर गुट के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने विद्युत केंद्र पर दिया धरना
जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के बैनर तले दर्जनों किसानों ने थाना क्षेत्र के गांव तयोपुर में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर धरना देकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों, अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बंधक बना लिया। जिसके उपरांत अधिकारियों द्वारा कई कर्मचारियों को चेतावनी देकर पीछा छुड़ाया गया।
बढ़ापुर क्षेत्र के गांव तयोपुर में स्थित विद्युत उपकेंद्र में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के बैनर तले दर्जनों किसानों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार सहित गंभीर आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग करने लगे। विद्युत उपकेंद्र पर धरने के खबर सुनकर मौके पर पहुंचे अवर अभियंता सुनील कुमार, उपखंड अधिकारी अंकित कुमार, अधिशासी अभियंता पीसी राम तथा किसानों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की बात की। मौके पर मौजूद गुस्साए किसानों ने बातचीत से पहले ही विद्युत विभाग के तीनों अधिकारियों को बंधक बनाकर अपने साथ जमीन पर अपने बीच में बैठा लिया।
संविदा कर्मचारियों द्वारा इलाके की गरीब जनता से अवैध रूप से धन वसूली के आरोप लगाए। जिसके साथ ही विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा पहले तो अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया जाने लगा, परन्तु किसानों के गुस्से को देखते हुए उन्होंने नगर मोहल्ले के निवासी एक व्यक्ति जिससे 500 रूपयें की रिश्वत एक कर्मचारी द्वारा ली गई थी।
मौके पर ही व्यक्ति से माफी मांगते हुए उसके 500 रूपयें वापस कराए गए। इसके साथ ही किसानों ने अधिशासी अभियंता से संविदा कर्मी इकबाल व अवर अभियंता सुनील कुमार को इस क्षेत्र से हटाने की जिद पकड़ ली। बीते कुछ माह पहले अवर अभियंता द्वारा मोहल्ला भजड़ावाला निवासी इसराइल पर जो सरकारी कार्य मे बाधा उत्पन्न करने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसे भी वापस लिए जाने की मांग की गई। जिस पर अवर अभियंता सुनील कुमार रिपोर्ट वापस लेने पर तैयार हो गए तथा इसराइल के साथ उसी समय थाने पहुंच गए।
इस अवसर पर राष्टीय प्रवक्ता चौधरी चंद्रवीर सिंह, जिला अध्यक्ष अरुण कुमार मेहरा, युवा जिला अध्यक्ष विशाल बालियान, तहसील अध्यक्ष ठाकुर चंद्रपाल सिंह, ब्लाक अध्यक्ष ठाकुर चंद्रहास राव व जिला महासचिव चौधरी चरण पाल सिंह सहित भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह व प्रदीप कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।

