जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 19वां दिन है। दोनों देशों के बीच सुलह का कोई रास्ता निकलता नहीं दिख रहा है। इस बीच खबर है कि रूस और यूक्रेन के बीच चौथे दौर की बातचीत एक से दो दिन में हो सकती है। इस बीच रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले और भी ज्यादा तेज कर दिए गए हैं। यूक्रेन के 24 शहरों को निशाना बनाया जा रहा है। इसमें से 19 में तो रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां रूस लगातार बम बरसा रहा है।
जंग ने बढ़ाई मध्य-पूर्व देशों की चिंता
यूक्रेन-रूस युद्ध ने यूरोप के साथ ही साथ मध्य पूर्व के देशों को भी चिंता में डाल दिया है। रूस पर सीधे तौर पर निर्भर ये देश न तो खुलकर उसका समर्थन कर पा रहे हैं और न ही पश्चिमी ताकतों के साथ खड़े हो पा रहे हैं। मध्य पूर्व के देशों को डर है कि, कहीं रूस के साथ उनके संबंध खराब न हो जाएं और उन्हें और भी ज्यादा परेशानियों से गुजरना पड़े।
अब रूस करेगा अमेरिकी कंपनियों पर कार्रवाई
यूक्रेन पर हमले के बाद से अमेरिका लगातार रूस पर प्रतिबंध लगाए जा रहा है। ऐसे में अब रूस ने भी अमेरिकी कंपनियों पर कार्रवाई करने का मन बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस अमेरिकी कंपनियों की सम्पत्तियों को जब्त कर सकता है। इतना ही नहीं इन कंपनियों के अधिकारियों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है।
ऑस्ट्रेलिया ने 33 रूसियों को किया प्रतिबंधित
ऑस्ट्रेलिया ने रूस के 33 व्यापारियों व रणनीतिकारों को प्रतिबंधित कर दिया है। इसमें रोमन अब्रामोविच, Gazprom के सीईओ एलेक्सी मिलर और रोसिया बैंक के अध्यक्ष दिमित्री लेबदेव शामिल हैं।
युद्धग्रस्त क्षेत्रों से निकासी के लिए चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
यूक्रेन के खारकीव, निप्रो व अन्य शहरों से आम नागरिकों की निकासी के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक, खारकीव से दो ट्रेनें वहीं निप्रो से भी ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।
रूस में आज से इंस्टाग्राम बैन
रूस में आज से इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह कदम फेसबुक द्वारा पुतिन के खिलाफ किए गए नियमों में बदलाव के बाद उठाया गया है। इंस्टाग्राम का कहना है कि, यह गलत है। रूस के आठ करोड़ लोग इस कारण दुनिया से कट जाएंगे।
रूस ने चीन से मांगी मदद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन में पिछले 19 दिन से जंग लड़ रहे रूस ने चीन से सैन्य व आर्थिक मदद की मांग की है। रूस की ओर से यह मदद ऐसे समय पर मांगी गई है, जब अमेरिका की ओर से सीधे तौर पर चीन को धमकाया गया है। दरअसल, अमेरिका ने रविवार को चीन को चेतावनी जारी की थी। इसके तहत कहा गया था कि, आर्थिक प्रतिबंध झेल रहे रूस की मदद के लिए अगर चीन आगे आता है, तो उसे भी बुरे परिणाम भुगतने होंगे।
तो नाटो की जमीन पर गिरेंगे रूसी रॉकेट- जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की ओर से रविवार देर रात एक वीडियो संदेश जारी किया गया। इसमें उन्होंने एक बार फिर से नाटो से यूक्रेन को नो फ्लाई जोन घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि, अगर आपने यूक्रेन के आसमान को नो फ्लाई जोन घोषित नहीं किया तो जल्द ही नाटो की जमीन पर भी रूसी रॉकेट गिरेंगे।
प्रतिबंधों से भड़का रूस, पश्चिमी कंपनियों के अधिकारियों को कर सकता है गिरफ्तार; संपत्तियों को करेगा जब्त
रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 19वां दिन है। रूस ने पूरी ताकत से यूक्रेन पर हमला बोल दिया है। 24 शहरों में रूसी सैनिकों द्वारा हमले बोले जा रहे हैं। इसमें से 19 शहरों में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया है। रूस लगातार इन शहरों में बम बरसा रहा है।

