जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम में हुई इस नृशंस आतंकी घटना की कड़ी निंदा करते हुए निर्दोष लोगों की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में जम्मू-कश्मीर सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
सीएमओ ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाने वाली 10 लाख रुपये की यह सहायता राशि जिला प्रशासन द्वारा पहले घोषित 6 लाख रुपये की तत्काल राहत से अलग और अतिरिक्त होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम इलाके में शुक्रवार देर शाम एक ईंट-भट्ठे पर आतंकियों ने हमला कर छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया। मृतकों की पहचान करीब 20 वर्षीय दीपक रात्रे और बोपिंदर के रूप में हुई है।
हमले में दीपक रात्रे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बोपिंदर को पहले सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग ले जाया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस सौरा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सुरक्षा बलों और पुलिस ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

