जनवाणी ब्यूरो |
कोतवाली देहात पुलिस नंदी फिरोजपुर मार्ग पर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा, जिसे बाद में कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान शोएब पुत्र इरफान निवासी घानाखंडी के रूप में हुई, जबकि दूसरे आरोपी का नाम परवेज उर्फ भूरा पुत्र इकराम निवासी घानाखंडी बताया गया है। पुलिस के अनुसार शोएब थाना कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ गोकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और लूट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। परवेज के खिलाफ हरियाणा और सहारनपुर के विभिन्न थानों में गोकशी, पशु चोरी और आर्म्स एक्ट के लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, पांच जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। दोनों पर थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमा संख्या 624/2025 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

