- नारी सशक्तिकरण के तहत बीए की छात्रा बनी कोतवाल
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: नारी सशक्ति मिशन एवं विश्व बाल दिवस के उपलक्ष्य में बीए की छात्रा को एक दिन का कोतवाल बनाया गया। पुलिस अधीक्षक के साथ एक दिन की कोतवाल ने कोतवाली परिसर में लोगों की समस्याएं सुनी और उनका निस्तारण किया। साथ ही कोतवाल ने बाजार में घूमकर व्यापारियों व उपभोक्ताओं को पुलिस के प्रति सहयोगात्मक रहने के लिए जागरुक किया।
शुक्रवार को विश्व बाल दिवस और मिशन शक्ति अभियान के तहत शासन ने सभी जनपदों में प्रत्येक थाने में किसी छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाए जाने का आदेश दिए थे। जिसके चलते शहर के हिंदू महिला महाविद्यालय में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा महिमा बजाज को नगर कोतवाली शामली का एक दिन का कोतवाल बनाया गया।
एसपी नित्यानंद राय, एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी सतपाल सिंह व महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी की मौजूदगी में एक दिन की कोतवाल महिमा बजाज ने रजिस्टर चेक कर आवश्यक निर्देश दिए। गांव झाल निवासी एक वृद्धा कुसुम ने अपने बेटे के खिलाफ शिकायत की जिस पर कार्रवाई के आदेश दिए गए।

एक दिन की कोतवाल महिमा बजाज का कहना है कि वह पुलिस अधिकारी बनना चाहती है ताकि महिला उत्पीड़न रोकने में अपनी सहभागिता निभा सके। छेड़छाड़, उत्पीडन का कैसा भी मामला हो, महिलाओं, छात्राओं को घबराना नहीं चाहिए और पुलिस की मदद करनी चाहिए। बाद में कोतवाल ने पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर लोगों को पुलिस का सहयोग करने और जागरुक रहने का आहवान किया।
मेधावी छात्रा नेहा बनी एक दिन की थानेदार
कक्षा 12वी की छात्रा नेहा सैनी पुत्री शिवचरण को थानाभवन थाने की एक दिन की प्रभारी बनाया गया। नेहा सैनी ने लोगों की फरियाद सुनी और पुलिसकर्मियों को उस पर अमल के निर्देश दिए। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए छात्रा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया।
नेहा सैनी के साथ विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी थाना विजिट के लिए बुलाया गया। बच्चियों ने जाना वह अपनी सुरक्षा कैसे कर सकती हैं और समस्या होने पर पुलिस में कैसे अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। एक दिन की थानेदार नेहा सैनी समेत अन्य छात्राओं ने महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष, कार्यालय सहित अपराध रजिस्टर, गुमशुद्गी रजिस्टर आदि का निरीक्षण किया।

