जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में किसानों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं सुलभ कराने और किसानों को खेती की नवीन तकनीक से युक्त करने तथा उनकी आमदनी को दुगुना करने के संकल्प को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं रसद विभाग ने आगामी खरीफ सीज़न में धान खरीद की तैयारी अभी से शुरू दी है। प्रदेश सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में किसानों से धान क्रय करने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि धान क्रय केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि किसान जब खरीद केन्द्रों पर जाए तो उन्हें कोई दिक्कत न हो। उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को उनकी उपज की कीमत मूल्य समर्थन योजना के अनुरूप या उससे अधिक दिलाने के उद्देश्य से आगामी 1 अक्टूबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 1 नवम्बर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में किसानों से सीधे धान की खरीद शुरू करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में आवश्यक समय-सारिणी जारी की जा चुकी है।

