- दावा था 15 माह में शुरू करने का नहीं हो सका 36 माह गुजरने के बाद भी फ्लाईओवर शुरू
- फ्लाईओवर के निर्माण के चलते अब तक हो चुकी है दो दर्जन से अधिक मौत
मुसाहिद हुसैन |
मोदीपुरम: करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे पल्हैड़ा फ्लाईओवर का निर्माण 36 माह गुजरने के बाद भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इसके निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 15 माह का दावा किया गया था, लेकिन 36 माह गुजरने के बाद भी अभी तक इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।
हर बार एनएचएआई के अधिकारी इसको शुरू होने का दावा करते रहते हैं, लेकिन उनका दावा भी हर बार सिर्फ हवा हवाई साबित होता है। अगर मौजूदा स्थिति पर फ्लाईओवर की स्थिति देखी जाए तो उससे साफ जग जाहिर हो रहा है कि अगर निरंतर रूप से काम चलता रहा तो एक माह बाद फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो सकेगा। फ्लाईओवर का निर्माण कर रही कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी का दावा है कि मिट्टी की उपलब्धता न होने के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई है। अगर मिट्टी की उपलब्धता समय रहते हो जाती तो फ्लाईओवर कब तक शुरू हो जाता।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक बीके चतुवेर्दी ने पहले फ्लाईओवर के शुरू होने का गत एक मार्च को दावा किया था। उसके बाद 15 मार्च को दावा किया गया था। इसके बाद एक अप्रैल को इसे सुचारु कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन मौजूदा स्थिति देखकर साफ लग रहा है कि अभी इसके शुरू होने में एक से डेढ़ माह लग सकता है।
फ्लाईओवर के निर्माण में देरी होने से जहां हाइवे पर जगह-जगह जाम की स्थिति से लोगों को परेशानी में डाल रखा है। वहीं, फ्लाईओवर के निर्माण में अब तक दो दर्जन से अधिक जान भी जा चुकी है। फ्लाईओवर के निर्माण में जहां लापरवाही बरती जा रही है। वहीं, इसका निर्माण कर रही कंपनी के लिए कोई भी नियम कायदे कानून नहीं है। मानकों को हवा में उड़ाते हुए इसका निर्माण कार्य किया जा रहा है। अब देखना है कि यह निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा और एनएचएआई के अधिकारियों के दावे भी कब सही साबित होंगे।
सर्विस रोड में जगह-जगह हो रहे गड्ढे
फ्लाईओवर निर्माण के दोनों और सर्विस रोड का भी बुरा हाल है। सर्विस रोड में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। जिसके चलते यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन इन सर्विस रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण कर रही कंपनी का कोई ध्यान नहीं है। फ्लाईओवर का निर्माण तो अभी पूरा नहीं हुआ। जबकि सर्विस रोड का पहले से ही बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। अगर समय रहते कंपनी द्वारा सर्विस रोड को ठीक नहीं किया गया तो यहां हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ेगा, जो यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनेगा।
फ्लाईओवर के निर्माण में देरी होने का कारण मिट्टी की उपलब्धता न होना है। अप्रैल के इस महीने में इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को पूरा होने की पूरी संभावना है। शीघ्र ही फ्लाईओवर को चालू कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। -डीके चतुर्वेदी , परियोजना निदेशक एनएचएआई

