नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया था। लेकिन इस सबसे बड़ा आघात उस इंसान को लगा है जो उन्हें सबसे ज्यादा करीब से जानता था, उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी। रविवार की सुबह पराग ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने एक नोट भी लिखा है।
इंस्टाग्राम पर साझा किया वीडियो
रविवार की सुबह अभिनेता पराग त्यागी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में एक्टर ने अपनी दिवंगत पत्नी शेफाली जरीवाला के साथ बिताए हुए खूबूसरत और प्यार भरे पलों को साझा किया है। जैसा कि तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पराग त्यागी और शेफाली जरीवाला एक दूसरे को गले लगाते, प्यार करते और एंजाय करते नजर आ रहे हैं। इसके साथ दोनों की एक पुरानी तस्वीर भी दिख रही है, जिसमें वो बहुत प्यारे लग रहे हैं। इन तस्वीरों को देख यह विश्वास ही नहीं होता कि अभिनेत्री अब इस दुनिया में नहीं हैं।
पराग त्यागी ने लिखा इमोशनल नोट
इस प्यारे वीडियो को साझा करते हुए, पराग त्यागी ने इमोशनल नोट भी लिखा है। उन्होंने कहा, ‘मैं तुम्हें हर जन्म में खोज लूंगा और तुम्हें खूब प्यार करूंगा। मैं तुमसे हमेशा प्यार करता रहूंगा, मेरी गुंडी मेरी छोकरी।’ इसके साथ ही उन्होंने लाल दिल वाला इमोजी भी लगाया है और हैशटैग में शेफाली जरीवाला भी लिखा है।
महज इतनी उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में 27 जून को निधन हो गया था। हालांकि, आपको बताते चलें कि उनकी मौत कैसी हुई, इस मामले की जांच अभी मुंबई पुलिस कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह पता चलेगी। कथित तौर पर एक्ट्रेस की मौत कार्डियक अरेस्ट से बताई जा रही है। अभिनेत्री के निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर छा गई थी।

