- गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का लिया निर्णय
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि किसान आंदोलन में उनकी पार्टी किसानों के नेतृत्व में ही हिस्सा लेगी। गांव-गांव जाकर किसानों व अन्य लोगों को भी केंद्र द्वारा लाए गए काले कृषि कानूनों के विषय में जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
वे रविवार को बड़ौत के अंगारा रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना किसी विचार-विमर्श और सलाह के तीन कृषि कानूनों को मनमाने ढंग से लागू कर लिया है। ये कृषि कानून किसान और किसानी को बर्बाद कर देंगे।
इन्हीं काले कानून के विरोध में आज देशभर का किसान लामबंद होकर आंदोलन करने को मजबूर है। पूंजिपतियों द्वारा देश में जगह-जगह 900 बडे गोदाम बनाए जा रहे हैं क्योंकि सरकार ने पहले ही पंूजिपतियों के साथ मिलकर किसान को बर्बाद करने का षडयंत्र रच लिया है।
उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन में आम आदमी पार्टी बिना किसी बैनर, टोपी और झंडे के उन्हीं के नेतृत्व में आंदोलन करेगी। गांव-गांव जाकर लोगों को कृषि कानूनों के प्रति जागरूक कर लामबंद किया जाएगा। साथ ही सोमवार को किसानों द्वारा घोषित किए गए बंद में भी आम आदमी पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ है और कलक्ट्रेट पर होने वाले धरना प्रदर्शन में भी पार्टी किसानों के साथ बिना किसी झंडे के साथ खडी रहेगी। पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ आप जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह, मीडिया प्रभारी संसार सिंह व अजित सिंह, नौसाद अली, एडवोकेट अमित तोमर, नीरज चौधरी आदि मौजूद रहे।

