- पेंशनर्स संगठनों की मीटिंग में असुविधा से बचने को अपील
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा एक- एक कर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं बताई गई जिस पर जिलाधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं का निदान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बैठक के दौरान पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष मुख्य रूप से बैंकों, अस्पतालों व विद्युत बिल जमा करते समय उन्हें लाइन में ना खड़ा होना पड़े, उसके लिए उनको अलग से वरीयता दिए जाने की मांग की। साथ ही, समस्याओं के निदान के साथ-साथ जनपद में हृदय रोग डाक्टर की अस्पताल में उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने आदि समस्या बताई जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने सभी को पेंशनर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों से कहा कि उनके द्वारा जो भी समस्याएं रखी गई है, चाहे वह जनपद स्तर से हो,चाहे वह शासन स्तर से हो उनका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य हित के चलते कोविड-19 वैक्सीन जरूर लगवा लें। वैक्सीन का कोई साइड इफेक्ट नहीं है।
किसी को चाहे कोई भी बीमारी हो उसका कोविड-19 वैक्सीनेशन हो सकता है। जिलाधिकारी ने सचेत किया कि कोरोना कहीं ना कहीं अपने नए वैरिएंट में आ रहा है,इसलिए अपना और अपने परिवार में सब का टीकाकरण कराएं, अपने साथ औरों को भी जागरूक करें। कोविड-19 के प्रोटोकल का पालन करें क्योंकि सुरक्षा ही बचाव है, साफ सफाई का
ध्यान रखें।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत जिसको भी अपना नाम वोटर लिस्ट में कटवा जुड़वा सकते हैं। पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों से कहा सर्दी का समय है अपनी सेहत का ध्यान रखें, हल्दी का दूध पिए, काढ़ा पीये, च्यवनप्राश का सेवन करें, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
बैठक के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह, जनपद के आहरण वितरण अधिकारी व पेंशनर संगठन के अध्यक्ष विनोद अत्री, चंद्रपाल सिंह, वाईके गोयल, लेखाकार हरि प्रसन्न शर्मा, सुनील कुमार, महेंद्र प्रकाश, राहुल कुमार, नितिन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

