- सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होने से संक्रमण का खतरा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: लॉकडाउन में आवश्यक दुकानों को खुलने वाली छूट के दौरान शहर में बाजारों में भारी उमड़ रही है। बाजारों में इतनी बड़ी संख्या में उमड़ रही भीड़ कोरोना संक्रमण को बढ़ावा दे रही है। दैनिक खरीदारी के साथ ही ईद की खरीदारी करने के लिए लोगों में होड मची है।
रेडिमेड कपड़े, जूते, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों की खोलने की अनुमति नहीं है लेकिन दुकानदार ग्राहकों को दुकानों के अंदर घुसाकर बाहर से शटर गिरा देत हैं। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते जनपद में आवश्यक वस्तुओं किराना, दूध, फल, सब्जी की दुकानों को खोलने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रात: 07:00 बजे से दोपहर 12:00 तक दुकानें खोलने का समय निर्धारित कर रखा है। लेकिन अनावश्यक सामान की दुकानें खोलने से भी दुकानदार बाज नहीं आ रहे हैं।
ईद के त्यौहार के मद्देनजर समय से पूर्व ही व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर आकर बैठ जाते हैं और जैसे ही ग्राहक आते है तो दुकान का शटर उठाकर उनको अंदर भेज दिया जाता है, जहां पहले से मौजूद दूसरा व्यापारी ग्राहकों को सामान बेचता है।
बाहर बैठा व्यापारी पुलिस की निगरानी करने के साथ साथ ही शटर उठाने तथा गिराने को काम करता है, जिससे लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। प्रदेश शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने शामली जिले में भी आगामी 17 मई तक सवेरे 7 बजे तक लॉक डाउन घोषित कर दिया है, लेकिन बाजारों में अकारण आने वाली लोगों की भीड कम होने का नाम नही ले रही है।
लॉकडाउन में छूट के दौरान बाजारों में पुलिस गश्त होने का फायदा अनावश्यक वस्तु विक्रेता दुकानदार उठा रहे हैं। हालॉकि मैन रोड पर पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी अनावश्यक रूप से लॉकडाउन में घूम रहे वाहनों तथा फेस मास्क न लगाने वालों का चालान भी कर रहे हैं लेकिन भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
गांव से लेकर शहर तक के लोग कोरोना की महामारी के प्रति गंभीर नहीं है। जिसके कारण जनपद में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 02 हजार की संख्या को पार कर चुका है। यदि भीड़ यूं ही बढ़ती रही तो कोरोना की चेन को तोड़ना मुश्किल होेगा।
बाजारों से पुलिस गायब, दुकानदार कर रहे मनमानी
कांधला: नगर के मैन बाजार में दुकानदारों ने लाकडाउन का मजाक बना दिया। नगर के बाजार में सुबह 05:00 बजे ही दुकानदार दुकान बाहर आकर बैठ जाते है। दुकानदार एक साथ 10-10 ग्राहकों को दुकान के अंदर लेकर बाहर से दुकान का शटर बंद कर दुकान का ताला लगा देते है। काम पूरा होने पर दुकान खोलकर अन्य ग्राहकों को अंदर लेकर सामान दिया जा रहा है।
नगर के बाजारों में पूरे दिन चहल पहल के साथ भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा भीड़ रेडिमेड व कपड़ा व्यापारियों है। सभी व्यापारियों ने बाजार के चौराहों पर छोटे छोटे लडकों को छोड़ रखा है जो ग्राहक से पता करते है उन्हें क्या सामान चाहिए और फिर दुकान पर छोड़ आते है।
वही नगर के बाजार से पुलिस बिल्कुल गायब है। जिससे नगर में कोरोना सक्रंमण बढ़ने का खतरा बढ़ चला है। व्यापारियों व ग्राहकों के द्वारा कोरोना सक्रंमण के इस माहौल मे बरती जा रही यह लापरवाही आने वाले समय में नगर के लोगों को भारी पड़ सकती है।

