- ओलंपिक और नेशनल प्रतियोगिता का अभ्यास जारी, फिटनेस पर भी खास तौर पर ध्यान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना काल में प्रदेश भर में खेल मैदानों और संस्थानों को बंद किया जा चुका है। ऐसे में दिन भर में मैदान में पसीना बहाने वाले खिलाड़ियों को भी घरों में रहना पड़ रहा है। जिस कारण अभ्यास पर सीधा असर पड़ता है, लेकिन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुटे खिलाड़ी भी घरों पर रहकर ही अभ्यास कर रहे हैं। शहर के खिलाड़ी ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं।
संक्रमण के चलते खेल संस्थान इन दिनों सूने पड़े हैं और खिलाड़ियों ने अपने घरों को ही अभ्यास स्थल में बद लिया है। आगामी ओलंपिक और नेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी अभ्यास में लापरवाही कतई नहीं बरतना चाहते हैं। गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक के लिए भी शहर के कई खिलाड़ी क्वालीफाई कर चुके हैं। जिसके लिए सभी खिलाड़ी अभ्यास में जुटे हैं।
एथलीट प्रियंका गोस्वामी, शूटर शहजर रिजवी, सौरभ चौधरी आदि ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। रांची में हुई पैदल चाल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर प्रियंका ने ओलंपिक टिकट हासिल किया। वहीं, इससे पहले ही युवा निशानेबाज सौरभ यह हासिल कर चुके हैं। वहीं, भाला फेंक खिलाड़ी अनु रानी भी ओलंपिक टिकट पाने की दौड़ में शािमल हैं।
पटियाला में हुए फेडरेशन कप में वह ओलंपिक कोटा हासिल करने से चूक गईं थी, लेकिन अभी आगामी प्रतियोगिता की तैयारियों में भी वह जुटी हैं। उधर, अंतर्राष्ट्रीय जूडोका व ओलंपियन गरिमा चैधरी भी घर रहते हुए अभ्यास में जुटी हैं और आगमी विश्व चैंपियनशिप की तैयारियां कर रही हैं।
इस समय फिटनेस पर ध्यान देना जरूरी
संक्रमण के चलते सभी खिलाड़ी घरों पर रहने को मजबूर हैं, फिर चाहे वह किसी भी खेल से वास्ता रखते हों। वहीं, किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे जरूरी होती है उसकी फिटनेस, जिसके लिए दिन रात पसीना बहाया जाता है। बतौर एथलीट इस समय सभी खिलाड़ियों को अपनी फिटनेस पर ध्यान देना जरूरी है। इसके लिए संतुलित डायट लेना जरूरी है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर ने खिलाड़ियों को जरूरी टिप्स देते हुए कहा कि संक्रमण काल में सभी खिलाड़ियों को घर पर रहते हुए व्यायाम और डायट पर ध्यान देना होगा। जिससे कि उनकी फिटनेस बरकरार रहे।
कोरोना महामारी के कारण सभी खेल संस्थान बंद हैं। ऐसे में जूडो का सही तरीके से घर पर नहीं हो पा रहा है, लेकिन फिटनेस पर पूरी तरह से ध्यान दे रहीं हूं। साथ ही आगामी माह में हंगरी में वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन भी होना है। जिसकी तैयारिया जारी हैं। गरिमा ने बताया कि पिछले दिनों एशियन चैंपियनशिप के दौरान टीम के कुछ खिलाड़ियों को कोविड हुआ था, जिस वजह से टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया था। ऐसे में आगामी प्रतियोगिता के लिए भी थोड़ी चिंता है। लेकिन इस समय में किसी भी खिलाड़ी को सबसे ज्यादा अपनी फिटनेस पर ही ध्यान देने की जरूरत है।
-गरिमा चैधरी, ओलंपियन जूडोका
इन दिनों शहजर अपने घर पर ही अभ्यास में जुटे हैं। ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले शहजर ने घर पर ही शूटिंग रेंज बनाई है। महामारी के चलते कहीं बाहर न जाकर घर पर ही आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास जारी है। साथ ही फिटनेस और डायट पर भी ख्याल रखा जा रहा है। बता दें कि 10 मीटर एयर पिस्टल शूटर शहजर रिजवी को ओलंपिक के लिए भारतीय टीम में बतौर रिजर्व खिलाड़ी चुना गया है। -शहजर रिजवी, अंतर्राष्ट्रीय शूटर
लॉकडाउन के चलते जूनियर खिलाड़ियों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर की नेशनल एथलीट मानसी, ख्याति माथुर, और धावक रूपल जैसे खिलाड़ियों को नेशनल की तैयारियां करनी हैं। जो कि घरों पर रहकर कर पाना मुश्किल है। ऐसे में सिर्फ डायट और फिटनेस पर ही ध्यान दिया जा सकता है। -गौरव त्यागी, एथलेटिक कोच




