- कोतवाल ने सिद्धबली विहार कालौनी निवासियों के साथ की बैठक
- अपराधों की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक रहने का दिया संदेश
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: क्षेत्र में शांति बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाल ने सिद्धबली विहार कालौनी पहुंचकर नागरिकों के साथ बैठक की। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने तथा अपराधों के ग्राफ पर अंकुश लगाए जाने के लिए सभी लोगों को जागरूक रहने का आह्वान किया।
रविवार को नगर की सिद्धबली विहार कालौनी में पहुंचे थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिस नागरिकों की मित्र है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को क्षेत्र में देखे जाने पर पुलिस को सूचना दें। पुलिस से डरकर दूरी बनाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि वाहन स्वामी अपने वाहनों में जीपीएस लगवाएं। जिससे वाहनों के चोरी होने की स्थिति में शीघ्र उसको खोजकर वाहन स्वामी को दिलाया जा सके और वाहन चोरो पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि साधन संपन्न लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। इससे चोरी की घटनाओं पर बहुत हद तक अंकुश लग सकेगा और चोरी हो जाने की स्थिति में चोरो को खोजने में मदद मिल सकेगी।
उन्होंने कालौनीवासियों से कहा कि उनकी ओर से थाना कोतवाली का प्रभार संभालने के बाद से ही नगर की कई कालौनियों व आस-पास के गांवों में कालौनीवासियों व ग्रामीणों के साथ बैठक की गयी हैं। जिसके चलते काफी लोगों ने उनके सुझाव पर अमल करते हुए अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए है।
इसी के चलते एक व्यक्ति की बाइक चोरी होने पर चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया और उसे पकड़ लिए जाने पर वाहन भी वापस मिल सका। उन्होंने अपना सुझाव दिया कि ताला लगाकर घर से बाहर जाने पर आसपास के लोगों को अवश्य बताकर जाएं।

