जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: करीब दस दिन पहले थाना क्षेत्र के पूर्वी यमुना नहर में मिले युवती के शव की शिनाख्त के बाद हत्या के खुलासे में पुलिस ने फरार तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार युवक ने मृतक युवती के शव को नहर में फेंकना स्वीकार किया है।
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के पूर्वी यमुना नहर में 14 मई को एक युवती का शव मिला था जिसकी शिनाख्त दीपिका उर्फ बुलबुल पुत्री मांगेराम पंजाबी बाग कॉलोनी सहारनपुर के रूप में हुई थी। 3 दिन पूर्व क्राइम ब्रांच व रामपुर पुलिस टीम ने इस मामले का खुलासा किया था। जिसमें एसपी सिटी ने बताया था कि उक्त युवती की हत्या उसके भाई व माँ सहित दो अन्य लोगों के साथ मिलकर की थी।
शनिवार को पुलिस ने हत्या में आरोपित गोपाल उर्फ वीरेंद्र गंगोह को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा पूछताछ में गोपाल ने बताया कि उसकी दोस्ती दीपिका के साथ थी, दीपिका के भाई व माँ उसके चाल चलन पर शक करते थे। उन्हीं के कहने पर पैसे के लालच में आकर वह उनके साथ इस कांड में शामिल हो गया।
बताया पहले हम लोगों ने दीपिका को बीयर पिलाई और फिर स्कूटी पर ले जाकर उसके मां व भाई के साथ बेहोशी की हालत में उसे नहर में फेंक दिया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया आरोपित ने अपने संबंध दीपिका के साथ बताए हैं। बताया कि एक अन्य आरोपी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

