जनवाणी संवाददाता |
छुटमलपुर/सहारनपुर: सहारनपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। रात लगभग 12 बजे अंबाला–देहरादून हाईवे के बड़कला फ्लाईओवर पर एक परिवार की कार खराब हो जाने के कारण महिलाएं और बच्चे सुनसान जगह पर फंस गए थे। ऐसे में गश्त कर रही थाना फतेहपुर पुलिस टीम उनकी मदद के लिए देवदूत बनकर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, देहरादून निवासी संजीव झा अपने परिवार के साथ मां शाकुंभरी देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे। अचानक कार का टायर फट गया और स्टेपनी भी काम नहीं आई। आधी रात को सुनसान हाईवे पर फंसा परिवार घबराया हुआ था। तभी उपनिरीक्षक अनिल तेवतिया, हेड कॉन्स्टेबल धीरज और कांस्टेबल सचिन शर्मा गश्त के दौरान वहां पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल मौके की स्थिति संभाली, परिवार को सुरक्षित महसूस कराया और मदद के लिए पीआरवी को बुलाया। थोड़ी ही देर में थाना प्रभारी फतेहपुर विनय शर्मा भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मदद से वाहन ठीक होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।संजीव झा और उनकी पत्नी ने कहा कि हम नहीं जानते थे कि आधी रात को सुनसान जगह पर कौन मदद करेगा। पुलिस ने तुरंत आकर हमें और बच्चों को सुरक्षा दी। इसके लिए हम सहारनपुर पुलिस के बेहद आभारी हैं।सहारनपुर पुलिस ने घटना के बाद सभी जनपदवासियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संकट की घड़ी में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें। पुलिस हर समय मदद के लिए तैयार है।

