पंचायत चुनाव, त्यौहार व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल को दंगा नियंत्रण अभ्यास कराया
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: रिजर्व पुलिस लाईन बिजनौर के परेड़ ग्राउंड में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक बरेली, पुलिस महानिरीक्षक मुरादाबाद परिक्षेत्र के दिए गए निर्देशों के अनुपालन में एसपी डा.धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में आगामी पंचायत चुनाव, त्यौहार व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल को दंगा नियंत्रण का अभ्यास कराया गया।
पुलिस बल को शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाईन में योजनाबद्ध तरीके से दंगा नियंत्रण उपकरणों व बुद्धि कोशल से बेकाबू भीड़ पर नियंत्रण करने के संबंध में अवगत कराया गया। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का दंगा नियंत्रण से संबंधित समस्त उपकरण एंटी राईट गन, टीयर गैस गन, टीयर स्मोक सैल, टीयर स्मोक ग्रेनेड, रबड़ बुलेट, प्लास्टिक प्लेट्स आदि को दिखाकर, खोलने व बंद करने के बारे में भी बताते हुए उन्हें चलवाने व फायरिंग का भी अभ्यास कराया गया।
साथ उनकी उपयोगिता के बारे में भी समझाया गया कि किस समय किस दंगा नियंत्रण उपकरण का किस तरीके से उपयोग किया जाना है। दंगा नियंत्रण रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य समय-समय पर पुलिस बल के सामने आने वाली उग्र भीड़ से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का सामना कर, जन जीवन को सामान्य बनाने के लिए कानून व्यवस्था स्थापित करना है। इस दंगा नियंत्रण रिहर्सल में जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण, पूर्वी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी व पुलिस लाईन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।

