- भाई के साथ गई बहन को भी महिला पुलिस ने पीटा
- युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में कराया भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पुलिस की बर्बरता इस कदर बढ़ चुकी है कि थाने में जाने वाले फरियादियों को इंसाफ दिलाने के बजाय उनके साथ मारपीट तक कर रही है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को थाना सरुरपुर का सामने आया है। जहां एक युवक अपनी बहन के ससुरालियों के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचा तो पुलिस कमियों ने उसे थर्ड डिग्री दे दी। युवक की हालत बिगड़ी तो पुलिसकर्मियों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना सरूरपुर के रहने वाले सुशील की ताऊ की लड़की का अपने ससुरालियों से विवाद चल रहा है। सुशील की बहन ने बताया कि ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। यही नहीं मारपीट में उसकी बहन का सिर भी फुटा हुआ है। मंगलवार रात में वह अपने भाई सुशील के साथ थाने में शिकायत लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने इस संबंध में कोई कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया। पुलिसकर्मियों के कार्रवाई करने से मना करने पर सुशील ने उनकी शिकायत एसएसपी से करने को कहा।
जिस पर पुलिसकर्मियों ने सुशील के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। बहन ने सुशील को बचाने का प्रयास किया तो महिला पुलिसकर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। पीड़ित युवती का कहना है कि पुलिस कर्मियों ने सुशील को जमीन पर लिटाकर थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मी खुद ही उसे अपनी गाड़ी में डालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि सुशील को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिसकर्मी आनन-फानन में यहां से वापस चले गए।

