- शुगर मिलों में गन्ने से सीधे एथनोल बनने पर किसानों को पेमेंट में मिलेगी राहत
- बिजनौर में मेडिकल कॉलेज को लगेंगे पंख, बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: उत्तर प्रदेश सरकार के बजट को लेकर जिलेवासियों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी है। किसी ने बजट को किसान हित में बताया है, तो किसी ने कहा है कि यह बजट व्यापारियों के लिए निराशाजनक है। इससे व्यापारी को कोई लाभ नही होगा। वहीं विद्यार्थियों ने बताया कि प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का लक्ष्य बहुत महत्वपूर्ण कदम है।
प्रतियोगिता की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को फ्री कोचिंग से लाभ होगा। हैल्थ के लिए बजट को आशाजनक व व्यापारियों के लिए निराशाजनक बताया गया है। वहीं पूर्वी गंगानहर और मध्यगंगा नहर परियोजना भी पूरी होगी। जिसके लिए 271 करोड़ रूपए का बजट जारी किया गया है।
बिजनौर के स्तंभकार व विश्लेषक दिव्य कुमार सोती ने बताया कि कृषि सुधार के परिपेक्ष में सौ करोड़ रूपए कृषि उत्पादक संगठनों की स्थापना के लिए आवंटित किए है, जो एक क्रांतिकारी कदम है। इसके अंतर्गत लघु किसान गु्रप बनाकर अपनी फसलों के दाम तय कर पाएंगे।
चीनी मिले अब सीधा गन्ने से एथनॉल बना पाएंगी और बेचेंगी। इससे गन्न किसानों को समय से गन्ने का पैसा मिल जाएगा। अधिवक्ताओं के चैंबर निर्माण के लिए बीस करोड़ रूपए इस बजट में मिले है। प्रदेश सरकार ने दूरगामी सोच रखते हुए प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना का लक्ष्य है।
बिजनौर का मेडिकल कॉलेज भी जल्द शुरू होगा। इससे लोगों काफी सुविधा मिलेगी। बिजनौर से होते हुए गंगा एक्सप्रेस वे के लिए भी विशेष धनराशि दी गई है। पर्यटन को भी इस बजट में शामिल किया गया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला प्रभारी दिलशाद खान ने बताया कि बजट में व्यापारियों के हितों को कहीं कोई ध्यान नही रखा गया है। केंद्र व प्रदेश सरकार एक तरफ लघु व्यापार को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं जीएसटी के कारण व्यापारी को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है।
अगर व्यापारी कोई छोटी गलती भी करता है, तो उसको रजिस्ट्रेशन समाप्त कर दिया जाएगा। ऐसे में व्यापार को कैसे बढ़ावा दिया जा सकता है। वर्तमान में व्यापारी अपना व्यापार बचा ले, बस वो ही बहुत है। यह सरकार व्यापारियों की दुश्मन है।
गृहणी व समाजसेवी सुषमा शर्मा ने बताया कि बजट में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति व महिलाओं को आत्मनिर्रभ बनाने का ध्यान रखते हुए धनराशि दी है। बजट से बालिकाओं को शिक्षा में खासा लाभ होगा।
विद्यार्थी रिया गावड़ी ने बताया कि वह मेडिकल क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहती है। वह इसके लिए राजस्थान के कोट में तैयारिया भी कर रही है। बिजनौर में जल्द मेडिकल कॉलेज शुरू होने से नीट में नंबर आने के बाद वह अपने ही जिले के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन ले सकती है।
जिससे उनको पांच साल जिले से बाहर नही जाना पड़ेगा। इससे आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है। यह प्रदेश सरकार को बहुत ही महत्वपूर्ण निर्णय है। गैर जिलों के छात्र छात्राएं भी आकर जनपद में पढ़ाई करेंगे। जिससे जनपद के लोगों को आर्थिक फायदा होगा और जनपद विकास की ओर बढ़ेगा। उन्होने बताया कि अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों को फ्री कोचिंग व टेबलेट दिए जाएंगे।

