- लक्ष्य से दोगुना होगा औद्योगिक निवेश, इन्वेस्टर्स समिट में उद्यमियों ने दिखाया उत्साह
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में उद्यमियों ने लक्ष्य के सापेक्ष दोगुना निवेश करने के प्रस्ताव शासन को दिये हैं। जनपद को 4500 करोड़ का औद्योगिक निवेश करने का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष जिले के उद्योगपतियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाते हुए 9000 करोड़ से अधिक का निवेश करने के प्रस्ताव शासन को दिया।
शनिवार को नगर के चौधरी छोटू राम डिग्री कॉलेज में आयोजित यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में उद्यमियों ने निवेश के मामले में अपार उत्साह प्रदर्शित किया। भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कुशपुरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर औद्योगिक निवेश के मामले में काफी आगे निकल गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की 2022 औद्योगिक नीति उद्यमियों को काफी प्रभावित कर रही है।
इस मौके पर पधारे कृषि विश्वविद्यालय फैजाबाद के पूर्व कुलपति प्रोफेसर एनसी गौतम ने निवेश से होने वाले लाभ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक उन्नति और बेरोजगारी दूर करने के लिए निवेश महत्वपूर्ण कारक है। शाकुंभरी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर एचएस सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
उन्होंने क्षेत्र के उद्यमियों को निवेश के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश का वातावरण औद्योगिक निवेश के हिसाब से बहुत ही अनुकूल है। इस मौके पर आईआईए चेयरमैन विपुल भटनागर ने भी औद्योगिक निवेश को समय की मांग बताते हुए उसके प्रति माहौल को बहुत ही अनुकूल बताया।

