- डीलर के पक्ष में आए मोहल्ले के लोग, लेबर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
- आधा घंटा बाद पहुंची थाना पुलिस, कराया शांत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: अनाज की कम बोरियां लाने का विरोध करने पर ट्रक में आई नशे में धुत लेबर ने राशन डीलर के साथ मारपीट कर दी। वहीं, मामला समझ मोहल्ले के लोग राशन डीलर के पक्ष में खड़े हो गए और लेबर को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मामले की जानकारी होने के आधा घंटे बाद थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद लेबर अनाज से भरे ट्रक को वापस ले गई।

लालकुर्ती बड़ा बाजार में सरकारी राशन डीलर की दुकान है। बुधवार की रात में सप्लाई डिपो से राशन डीलर की दुकान पर कार्ड धारकों को राशन बांटने के लिए अनाज आया था। ट्रक में आई लेबर जैसे ही अनाज की बोरियां उतारने लगी तो राशन डीलर ने कम बोरियां बताकर उन्हें उतारने से मना कर दिया। जिसको लेकर राशन डीलर और लेबर के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते नशे में धुत लेबर ने राशन डीलर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
भरे बाजार में मारपीट होते देख वहां आसपास के लोग जमा हो गए। मामला समझ लोगों ने राशन डीलर को लेबर के चंगुल से छुड़ाकर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद लोगों ने वहां हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी लालकुर्ती पुलिस को दी। सूचना के आधा घंटे बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराकर अनाज की बोरियों से भरे ट्रक को वापस करा दिया। वहीं, इंस्पेक्टर ने दोनों पक्षों को गुरुवार को थाने में आने को कहा।

