जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले चरणजीत चन्नी सरकार मंगलवार को बड़ा एलान कर सकती है। सीएम की अध्यक्षता में मंगलवार दोपहर कैबिनेट की बैठक होगी। सूत्रों के अनुसार, इसमें पंजाब में नौकरियों में पंजाबियों के लिए आरक्षण पर फैसला लिया जा सकता है।
हरियाणा की तर्ज पर पंजाब सरकार राज्य की निजी कंपनियों में 75 फीसदी नौकरियां पंजाबियों को देना अनिवार्य कर सकती है। इससे पहले राज्य के सरकारी विभागों में पंजाबियों को सौ फीसदी नौकरियां देने की बात उठ चुकी है, जिस पर सरकार ने जल्द फैसला लेने का भरोसा दिलाया है।
एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में सीएम चन्नी ने कहा था कि राज्य सरकार प्रदेश में बड़ी कंपनियों के लिए यह नियम लाएगी कि कंपनियों में कर्मचारियों की भरती में पंजाब के लोगों को प्राथमिकता दी जाए।
इस संबंध में सरकार व्यापक अध्ययन के साथ एक नीति तैयार करेगी, जिसके लिए रोजगार उत्पत्ति विभाग को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। उन्होंने बताया था कि नीति तैयार करने के बाद इसे कैबिनेट द्वारा पारित किया जाएगा और राज्य में जल्द ही बड़ी निजी कंपनियों में पंजाबियों को 75 फीसदी नौकरियां देने का रास्ता साफ हो जाएगा।

