जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को तीन अहम संवैधानिक पदों पर नई नियुक्तियों को मंजूरी दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल, जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल, और प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से आधिकारिक घोषणा
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गोवा, हरियाणा और लद्दाख के लिए नए राज्यपालों और उपराज्यपाल की नियुक्ति को मंजूरी दी है। ये नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।”
कविंदर गुप्ता बने लद्दाख के उपराज्यपाल
ब्रिगेडियर बी. डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने लद्दाख के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। उनकी जगह भाजपा नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी सीएम कविंदर गुप्ता को लद्दाख का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा की जिम्मेदारी
पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके पुसापति अशोक गजपति राजू, जो आंध्र प्रदेश के वरिष्ठ नेता हैं, अब गोवा के राज्यपाल का कार्यभार संभालेंगे।
हरियाणा को मिला नया राज्यपाल — प्रोफेसर अशीम कुमार घोष
प्रख्यात शिक्षाविद और वैज्ञानिक प्रो. अशीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
वे विज्ञान और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं और कई राष्ट्रीय संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं।
नियुक्तियों का महत्व
ये नियुक्तियाँ न केवल राजनीतिक संतुलन और प्रशासनिक अनुभव को दर्शाती हैं, बल्कि देश के संवैधानिक संस्थानों में नई ऊर्जा लाने की दिशा में एक और कदम हैं।

