- नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की हुई आराधना, आस्था की भक्ति में श्रद्धालुओं ने लगाए गोते
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्रद्धा, आस्था व भक्ति की त्रिवेणी में श्रद्धालुओं ने गोते लगाए। इस दौरान शहर के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारे लगी रही। हाथ में पूजा की थाली और मुंह पर मास्क लगाए श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए अपना नंबर आने की प्रतिक्षा करते नजर आए।
बता दें कि इस वर्ष कोरोना के चलते मंदिरों के बाहर मेले नहीं लगे। वहीं अधिकांश श्रद्धालुओं ने कोरोना संक्रमण के बढ़ने की वजह से घर में ही मां की अराधाना भी की। जागृति विहार स्थित मां मंशा देवी मंदिर पर सुबह से ही लोगों की कतार लगनी शुरु हो गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की सख्ती की वजह से लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने के बाद ही मां के दर्शन करने का अवसर मिला।
सदर काली माई मंदिर के बाहर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार देखने को मिली। मुख्य पुजारी सोंकेत बनर्जी ने माता का शृंगार कर आरती की। सेवक गोल्डी मल्होत्रा ने कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने में सहयोग किया। वहीं बिना मास्क के पहुंचे लोगों से व्यवस्था बनाने के लिए लगाई गई युवकों की बहस भी हुई।

जिसके बाद महिलाओं ने मुंह पर चुन्नी लपेटकर दर्शन किए। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए मंदिरों के बाहर गोल घेरे भी बनाए गए थे। गोल मंदिर सेवा समिति की ओर से जुटे युवकों ने थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजर के साथ श्रद्धालुओं को मां के दर्शन कराए। औघड़नाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बच्चा पार्क स्थित कंडी माता मंदिर में पंडित दिनेश नौटियाल ने माता के दिव्य स्वरुप की अराधना की। वहीं चंडी देवी मंदिर और नौचंदी ग्राउंड में भी माता का पूजन किया गया।
भक्तों ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए किए दर्शन
लालकुर्ती स्थित शक्तिधाम मंदिर में नवरात्रों को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। जिसका नजारा मंगलवार को देखने को मिला। भक्तों ने मंदिर में आकर सोशल डिस्टेंसिंग के माध्यम से मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। नीरज मणि ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष के भांति भजन, कीर्तन एवं प्रवचनों का आयोजन किया गया।
भजन एवं कीर्तन के समय कोविड-19 के नियमों का नियमित रूप से पालन किया गया। इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए भजन एवं कीर्तन का लाइव प्रसारण सोशल मीडिया पर आॅनलाइन किया गया है। सभी भक्त मंदिर के पेज पर इसका लाइव भजन सुन सकते हैं।

