- भारतीय किसान यूनियन अटल को राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अमित सिंह की शिकायत पर लिया संज्ञान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की मुश्किले बढ़ गई हैं। एमडी कार्यालय में गत 20 अगस्त को दिए गए विवादित बयान की शिकायत का अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या-5 ने संज्ञान लिया है। यह शिकायत भारतीय किसान यूनियन अटल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अमित सिंह ने की थी। उन्होंने पत्रकारों को जानकारी दी है कि कोर्ट ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए परिवाद दर्ज किया है। साथ ही राकेश टिकैत को कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस जारी करने के भी आदेश दिए है।
कैंट क्षेत्र के बाउंड्री रोड स्थित एक होटल में भारतीय किसान यूनियन अटल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अमित सिंह ने पत्रकारों से बात कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गत 20 अगस्त को एमडी कार्यालय में भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गत 26 जनवरी 2021 को लालकिले की घटना का जिक्र करते हुए बयान दिया था कि इन सभी लोगों की भीड़ और ट्रैक्टर लालकिले की जगह यदि उस दिन संसद को घेर लेते तो हालात बांग्लादेश जैसे होते, आगे मौका मिला तो नहीं चूकेंगे।
इस बयान को लेकर उन्होंने प्रशासन से शिकायत करते हुए राकेश टिकैत पर रासुका लगाए जाने की मांग की थी। अमित सिंह का कहना है कि प्रशासन ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया तो उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। जिसमें अधिवक्ता विनोद काजीपुरिया ने अपना तर्क रखा था। जिसके बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या-5 ने परिवाद दर्ज करते हुए आदेश जारी किया कि राकेश टिकैत को छह नवंबर को कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस भेजा जाए।
अमित चौधरी ने कहा कि इस तारीख के बाद कोर्ट क्या फैसला करता है, यह देखा जाएगा। वह मांग करते हैं कि राकेश टिकैत के इस देशद्रोही वाले बयान को लेकर रासुका लगाई जाए। अधिवक्ता विनोद काजीपुरिया ने कहा कि राकेश टिकैत जो कहते हैं, वो करते हैं। ऐसे में इनके इस बयान को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इनका यह कृत्य राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आता है।
जीएसटी चोरी की शिकायत पर होटल क्रोम में छापा
मेरठ: जीएसटी चोरी की शिकायत पर जीएसटी विभाग के अफसरों ने शुक्रवार को होटल क्रोम में छापा मारा। वहां तमाम दस्तावेजों की जांच की। हालांकि अभी यह साफ नहीं कि जांच में क्या पाया गया। चर्चा है कि बड़े स्तर पर जीएसटी चोरी की जा रही थी। अफसरों की इस कार्रवाई से शहर के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। टर्नओवर छिपाकर कारोबार करने सहित अन्य अनियमितताओं के कारण छापा मारा गया। फर्म की पोर्टल से जांच कराने पर भी कई खामियां मिली हैं। होटल संचालक की ओर से कंप्यूटर के साथ ही हाथ की बिलिंग भी की जा रही थी। सत्र 2019-20 और 2020-21 का टैक्स जमा नहीं किया गया।
वहीं, संयुक्त व्यापार संघ और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने इस सर्वे का विरोध किया। जीएसटी विभाग के रेंज-ए के डीसी गौरव प्रताप सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर मनीषा शुक्ला और रेंज-बी के ज्वाइंट कमिश्नर राजकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष दल ने शाम 4:30 बजे होटल क्रोम में यह सर्वे किया। अधिकारियों ने होटल में पहुंचकर विभिन्न दस्तावेज खंगाले और कंप्यूटर के रिकार्ड की जांच की। इस दौरान कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। वहीं, इस सर्वे की सूचना मिलने पर संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन अध्यक्ष गौरव शर्मा भी पहुंच गए। व्यापारी नेताओं ने इस सर्वे का विरोध किया।

