जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्म स्थली पर होने वाले भव्य मंदिर निर्माण के लिए रामदूत घर घर जाकर धन संग्रह में लगे हैं। जनपद के लिए मिले धन संग्रह का साठ प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो भी चुका है।
देश की सर्वोच्च अदालत से भगवान राम के मंदिर निर्माण का रास्ता साफ होने व मंदिर का शिलान्यास होने के बाद लाखों की संख्या में राम भक्त राम दूत मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने में लगे हैं। जनपद बिजनौर में भी राम मंदिर निर्माण के सैकड़ो राम दूत धन संग्रह कर रहे हैं।
धन संग्रह के लिए बनाई गई श्री राम जन्मभूमि निधि समर्पण समिति के जिलाध्यक्ष संजीव बंसल ने बताया कि जनपद के लिए 1.11 करोड़ का लक्ष्य दिया गया है। 5 दिनों में राम दूतों ने 60 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त कर लिया है। निर्धारित अवधि के भीतर धन संग्रह निर्धारित लक्ष्य से ऊपर पहुंच जाएगा।
उन्होंने बताया कि धन संग्रह में लगे राम दूत घर घर जाकर लोगों को भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के संबंध में जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम पूरे हिंदू समाज के आराध्य हैं । हिंदू समाज का हर व्यक्ति अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर देखना चाहता है।
उनका यह सपना अब पूरा होने वाला है। संजीव बंसल ने कहा कि अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम की जन्म स्थली पर बने विवादित ढांचे को 6 दिसंबर 1992 को राम भक्तों ने जब हटाया था तभी से मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया था। न्यायालय में चली कानूनी लड़ाई में जीत मिलने के बाद भगवान श्रीराम की जन्म स्थली पर भव्य मंदिर का निर्माण शुरू होने जा रहा है।
मंदिर निर्माण के लिए राम भक्तों ने लंबी लड़ाइयां लड़ी हैं 500 वर्ष के कालखंड में लाखों राम भक्त राम मंदिर निर्माण के लिए अपना बलिदान दे चुके हैं। न्यायालय से भगवान राम के मंदिर निर्माण का रास्ता साफ होने के बाद लाखों की संख्या में राम भक्त राम दूत मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने में लगे हैं।

