- ढोल, नंगाडों के साथ अबीर-गुलाल लगा कर दी बधाईयां
- शहर में दुल्हैंडी शांतिपूर्वक होने पर पुलिस ने राहत की सांस
जनवाणी संवाददाता
शामली: रंगोत्सव दुल्हैंडी का पर्व पूरे जनपद में आपसी प्रेम एवं सौहार्द के साथ उल्लास पूर्वक मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर, गुलाल व रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। दुल्हैंडी पर युवक-युवतियां ढ़ोल-नंगाडों की थाप पर झूमते नजर आए।

दोपहर बाद तक युवाओं पर होली का खुमार चढ़ा रहा। मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस एवं पीएसी के जवान तैनात किए गए थे।

शांति पूर्व होली संपन्न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार को रंगों, भाईचारे और उत्साह का प्रतीक दुल्हैंडी का पर्व पूरे जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दुल्हैंडी पर सुबह-सवेरे ही युवाओं की टोलियां ढ़ोल-नगाडों के साथ अपने मित्रों के साथ होली खेलने के लिए निकल पड़ी।

इस दौरान अबीर-गुलाल, पक्के रंगों से अपने मित्रों एवं परिचितों को रंग डाला। ढ़ोल नगाडों की थाप पर थिरकने में युवकों से युवतियां भी पीछे नहीं रही। युवतियों ने भी ढ़ोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर जमकर डांस किया।

दिन चढ़ने के साथ ही होली खेलने का खुमार भी युवाओं पर चढ़ता रहा। देर शाम तक युवाओं का होली खेलने का सिलसिला चलता रहा। छोटे बच्चों ने पिचकारियों से पानी की बौछार कर अपने मित्रों को सराबोर कर दिया।
बच्चों ने आने जाने वाले हुरियारों पर गुब्बारे फेंके। कुछ लोगों ने होली के पर्व खूब जाम छलकाए तो कुछ लोगों ने मंदिरों में भक्ति कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। दोपहर बाद तक अधिकांश लोगों पर से होली का खुमार उतरा। होली के पर्व पर पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे।
मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही, मोबाइल टीमें लगातार गश्त करती रही। दुल्हैंडी पर सभी जगह शांति पूर्वक संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
उत्साह उमंग के साथ मनाया गया होली का पर्व
गुरुवार की देर रात कैराना नगर के मुख्य चौराहों एवं गली मोहल्लों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विधि विधान के साथ शुभ मुहूर्त पर होलिका दहन किया गया। सभी जगहो पर अलग-अलग समय पर होलिका दहन किया गया। शुक्रवार को देशभर में होली का पर्व उत्साह उमंग के साथ मनाया जा रहा हैं।
इस दौरान लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी। कैराना नगर के चौंक बाजार, मोहल्ला गुंबद, सरार्फा बाजार, मीना मार्किट, पुराना डाकखाना, पीपलोतला, मोहल्ला आलदरम्यान, टीचर्स कॉलोनी, मोहल्ला आलकला, बनखंडी महादेव मंदिर परिसर सहित आदि स्थानों पर रंगों का पर्व होली मनाया गया। वहीं होली पर गाने बजाकर जमकर डांस भी किया गया।
होली का पर्व मनाने वाले लोगों ने कहा कि होली पर रंगों की तरह सब आपस के मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर होली का पर्व मनाया गया। मोहल्ला आलदरम्यान निवासी शगुन मित्तल एडवोकेट के नन्हे बेटे व बेटी ने एक दूसरे को लगा रंग लगाकर होली का पर्व मनाया। साथ ही आस-पड़ोस के घरों पर जाकर भी नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने दोस्तों को रंग लगाकर बधाई दी।
तिलहैंडी पर पुलिस वालों ने जमकर खेली होली, किया डांस
शुक्रवार को होली का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराने के बाद शनिवार को कैराना कोतवाली परिसर में पुलिस कर्मियों ने होली खेली। सुबह से ही कोतवाली में डीजे की धुन पर पुलिसकर्मी जमकर थिरकते देखे गए।
पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे को रंग लगाकर गले मिलकर होली की बधाई दी। सभी ने पानी की बौछारों के साथ एक दूसरे के साथ डीजे पर डांस किया। सभी पुलिसकर्मी होली के रंग में रंगे दिखे।
वहीं पुलिस कर्मियों की होली देखने के लिए कोतवाली के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने भी पुलिसकर्मियों की होली देखकर खूब लुफ्त उठाया।
कस्बे में शांति से मनाई दुल्हैंडी, दो गांवों में पड़ी रंग में भंग
क्षेत्र में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दुल्हैन्डी के अवसर पर सुबह से ही युवाओं की टोली रंगों में सरोबार होकर होली खेलने निकल पड़ी। अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को मुबारकबाद दी चारों तरफ होली के रंगों की बौछार व डीजे की धुन पर युवा वर्ग जमकर डांस किया।
होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु पुलिस भी लगातार क्षेत्र में गश्त करती रही। जिससे त्यौहार शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। एक दो जगह से छुटपुट घटना की वारदातें हुई। चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव शामली शामला के मजरे नवा गांव निवासी संजीव पुत्र ब्रहम सिंह के घर पर शामली शामला के दर्जनों व्यक्तियों ने हमला कर दिया।
आरोप है कि गांव निवासी ब्रजपाल पुत्र तेलु व मुकेश अपने 15-20 साथियों के साथ संजीव के घर पर पहुंच गए तथा उसके व उसके परिजनों के साथ गाली गलौज व मारपीट की इस संबंध में संजीव ने चौसाना चौकी में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
इसके अलावा गांव टोडा में रंग लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमे गांव वालों ने समझौता कराकर मामला शांत कर दिया।

