नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। अभिनेत्री रवीना टंडन गणेश उत्सव के अवसर पर गुरुवार को पुणे पहुंचीं और गणपति पंडाल में बप्पा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। रवीना ने कहा कि उन्होंने पूरे देशवासियों की सुरक्षा और सलामती के लिए बप्पा से प्रार्थना की है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए भी उन्होंने भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा है।
बप्पा की आरती के बाद रवीना ने मीडिया से की बात
दरअसल, बप्पा की आरती के बाद रवीना ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘मैंने अपने देश, अपने लोगों और सभी जीव-जंतुओं की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। यहां महाराष्ट्र में हम बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ गणेशोत्सव मना रहे हैं। मुझे बहुत सौभाग्यशाली महसूस हो रहा है कि मुझे यहां आकर 134 साल पुराने गणेशोत्सव पंडाल में दर्शन और पूजा करने का अवसर मिला। हमारे स्कूलों में हमें अपना इतिहास नहीं सिखाया जाता, लेकिन यहां आकर मैंने बहुत कुछ सीखा। मैंने पंजाब और सभी हिमालयी राज्यों की भलाई और सुरक्षा के लिए भी प्रार्थना की…’
पंजाब में बाढ़ से बुरे हुए हालात
बता दें कि, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में लगातार हो रही बारिश ने हालात को और खराब कर दिया है। पंजाब के सभी 23 जिलों में 1400 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। हालात गंभीर होने के चलते पंजाब सरकार ने पूरे राज्य को आपदाग्रस्त घोषित कर दिया है।

