- मंडी समिति में एकत्र हुए ट्रैक्टरों से हजारों किसान
जनवाणी संवाददाता |
किरतपुर: रविवार की सुबह 11 बजे मंडी समिति परिसर में भाकियू के आह्वान पर किरतपुर ब्लॉक के हजारों किसानों ने अपने सैकड़ोंं ट्रैक्टरों के साथ जनसभा की।भाकियू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह के नेतृत्व में किसानों ने मंडी समिति में जनसभा की। दिल्ली आंदोलन मेंं शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान ट्रैक्टर मार्च बस स्टैंड, मंडावर तिराहा, अम्बेडकर तिराहा, जैन चौराहा व अस्पताल के सामने होते हुए स्टेशन चौराहे पर पहुंचने के पश्चात समाप्त हो गया।
मार्च में लगभग 300 से अधिक ट्रैक्टर शामिल रहे। ट्रैक्टरों पर उत्साही किसान भाकियू जिंदाबाद व केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाते चल रहे थे। टैक्टरों पर तिरंगा झंडा लगा हुआ था। किसान ट्रैक्टर ट्राली पर मूढ़े पर बैठे हुक्के भी गुड़गुड़ा रहे थे।
कड़कड़ाती सर्दी के बावजूद दूर दराज से आने वाले किसानों का सिलसिला सुबह से ही जारी था। प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार व शहर इंचार्ज राजीव कुमार शर्मा मय फोर्स के सुरक्षा की दृष्टि से मार्च में शामिल थे। गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने के लिये ट्रैक्टर रिहर्सल किया गया।
ट्रैक्टर रिहर्सल में क्षेत्र के गांव-गांव से किसान अपने ट्रैक्टरों समेत मौजूद रहे। ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसानों ने कहा कि 26 जनवरी की प्रस्तावित दिल्ली की ट्रैक्टर परेड में देश भर के किसान शामिल होंगे। सरकार तीनों कृषि कानून वापस ले नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाकियू के जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह, भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगम्बर सिंह, ब्लॉक माह सचिव मुकेश कुमार, ब्लॉक् अध्यक्ष अरविंद राजपूत, निर्वतमान ब्लाक अध्यक्ष देवदत्त शर्मा, इसरार जैदी, बुद्ध सिंह चौहान,सत्यवीर चौहान,राजपाल एंव किसान नेता मसरूर शेख, अतीक अहमद, मनोज कुमार, तय्यब अली, समरपाल सिंह, सहित हजारो किसान शामिल रहे।

