- आवास विकास की ओर से एमडीए को सौंपी जा चुकी अवैध निर्माणों की फाइल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कमिश्नर सुरेन्द्र कुमार सिंह की सख्ती के बाद मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को शास्त्रीनगर में पहुंचकर यहां अवैध रूप से निर्माण कर बनाई गर्इं केसर बेकरी, बोक्सी पार्क रेस्टोरेंट के निर्माण पर भी सील लगा दी। केसर व बोक्सी रेस्टोरेंट पर बाहर तो सील लगी थी, लेकिन एमडीए की टीम द्वारा लगाई गई सील को रेस्टोरेंट मालिक ने ऊपर लटका दिया तथा जो गेट बाहर की तरफ खुल रहा था।
वह अंदर की तरफ खोलकर एंट्री करने लगे। पूरा दिन रेस्टोरेंट भी चलता रहा। सील लगाने का कोई औचित्य ही नहीं रहा। सिर्फ सील की कागजी खानापूर्ति की गई। एक तरह से सील लगाने गए टीम से भी रेस्टोरेंट मालिक ने सेंटिंग कर ली।
आवास विकास परिषद की योजना में अवैध निर्माणों पर सील लगाने का अधिकार मेरठ विकास प्राधिकरण को है। आवास विकास की ओर से क्षेत्र की योजना नंबर सात में बने आवासीय भूखंड 232/1 और 251/1 की फाइल एमडीए को सौंपी गई थी। यहां आवासी भूखंड पर कमर्शियल यूज किया जा रहा था। 232 में केसर बेकरी स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट के नाम से इसका संचालन किया जा रहा था जो पूरी तरह से अवैध है।
इस पर संजीव कुमार व चेतन वर्मा की ओर से अवैध रूप से निर्माण किया गया। दूसरे पर संजय रस्तोगी की ओर से निर्माण किया गया था। इसे लेकर आवास विकास की ओर से नोटिस जारी हुए थे। बाद में इसकी फाइल एमडीए को सौंपी गई। कार्रवाई में जोनल अधिकारी विपिन कुमार, अवर अभियंता वेद प्रकाश अवस्थी, अवर अभियंता ओमपाल यादव व जोन डी का समस्त प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।
बाकी निर्माणों पर भी जल्द होगी कार्रवाई
इसके अलावा अभी हाल ही में भी आवास विकास को एक अच्छी खासी संख्याओं की फाइल एमडीए को सौंपी गई है। इन पर भी कार्रवाई जल्द की जायेगी। आवास विकास निर्माण के जेई संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दो निर्माणों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा निर्माण खंंड से संबंधित अन्य अवैध निर्माणों की सूची भी एमडीए को दे दी गई है। जल्द ही इनपर भी सीलिंग की कार्रवाई की जानी है।

