- नए अंग्रेजों की सरकार को अब उखाड़ फेंके: रालोद मुखिया
- गंगोह में हुई जनसभा में भाजपा पर जमकर बरसे जयंत
मुख्य संवाददाता |
सहारनपुर: रालोद मुखिया और पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि हमारा राष्ट्रवाद तकनीक में दिखाई देगा जो तरक्की के रास्ते खोलेगा। भाजपा की तरह खोखला नहीं होगा। प्रदेश में अब परिवर्तन की लहर है। इसलिए नए अंग्रेजों की सरकार को उखाड़ फेंके। जयंत ने कहा कि रालोद सत्ता में आने के बाद पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम के सपनों को साकार करेगा।
जयंत चौधरी शनिवार को गंगोह के पशु पैठ मैदान में आशीर्वाद पथ यात्रा की कड़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों, मजदूरों एवं समाज के विभिन्न तबकों के लोगों की दुखती रग पर हाथ रखा। कहा कि भाजपा सरकार किसानों को ऊंट के मुंह में जीरे की तरह 6000 रुपए सालाना दे रही है।
हमारी सरकार यदि सत्ता में आती है तो किसानों को सम्मान निधि के तहत 12000 रुपए दिए जाएंगे। सभी सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा लागू की जाएगी। उन्होेंने यह भी कहा कि हाईकोर्ट की बेंच की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थापना रालोद की प्राथमिकताओं में है।

