- भाईयों के पास जाने के लिए बहनों को नहीं मिलीं बसें
जनवाणी संवाददाता |
बिजनौर: भैयादूज पर रोडवेज की सारी व्यवस्थाएं धड़ाम हो गई। भाईयों के पास जाने के लिए बहनों को समय से रोडवेज की बसें नहीं मिलीं। बसों की व्यवस्था इतनी कम थी कि बसों में बैठने के लिए यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
सोमवार को भाई-बहन के पवित्र त्योहार भैयादूज पर बहनों ने भाईयों के घर सुबह से ही जाना शुरु कर दिया था। व्यवस्था के लाख दावे करने वाली रोडवेज की सभी व्यवस्थाएं भारी भीड़ के चलते धरी रह गई।
जनपद की सड़कों पर रोडवेज की बसों का संचालन भीड़ के हिसाब से कम होने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजनौर रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। बसें कम होने से बहने अपने भाईयों के पास समय पर नहीं पहुंच सकीं। जो भी बस बसस्टैंड पर पहुंच रही थी यात्री बस में पहले बैठने की होड़ में खिड़कियों पर लटक जाते थे।
बसें कम होने की वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं एआरएम विनोद कुमार मौर्य ने बताया कि भैयादूज पर यात्रियों के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था की गई थी। यात्री अधिक होने पर बस स्टैंड पर दिन भर भीड़ रही। रोडवेज की ओर से यात्रियों की व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया।

